नयी दिल्ली, पांच जून (भाषा) कांग्रेस ने असम में अपने चुनावी प्रदर्शन का हवाला देते हुए बुधवार को कहा कि अब मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा की सत्ता से विदाई की उलटी गिनती शुरू हो गई है।
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘ असम में परिसीमन प्रक्रिया में हेरफेर के बावजूद, कांग्रेस तीन लोकसभा सीटें बरकरार रखने में सफल रही। कांग्रेस को दबाने के मुख्यमंत्री के भरपूर प्रयासों के बावजूद उसे असम में 37.48 प्रतिशत वोट मिले, जो उसके पिछले वोट शेयर से लगभग दोगुना है और भाजपा के 37.43 प्रतिशत वोट शेयर से अधिक है। प्रद्युत बारदोलोई की जीत का अंतर करीब दो लाख वोट तक बढ़ गया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘असम के मुख्यमंत्री द्वारा की गई 25 सभाओं के बावजूद गौरव गोगोई ने (जोरहाट में) एक लाख वोट के अंतर से जीत हासिल की। बदरुद्दीन अजमल को आगे बढ़ाने की भाजपा की तमाम कोशिशों के बावजूद रकीबुल हुसैन ने धुबरी लोकसभा क्षेत्र में ऐतिहासिक अंतर से जीत हासिल की।’’
रमेश ने कहा, ‘‘अब जाने का समय आ गया है मुख्यमंत्री। हिमंत विश्व शर्मा की (सत्ता से) विदाई होने की उलटी गिनती शुरू हो गई है।’’
भाषा हक
हक दिलीप
दिलीप