रामगढ़, नौ जुलाई (भाषा) झारखंड के रामगढ़ जिले में अवैध तरीके से हथियार बनाने की फैक्टरी संचालित करने के आरोप में एक दंपति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि एक गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए हजारीबाग और रामगढ़ पुलिस की एक संयुक्त टीम ने ए.के. कोलियरी दत्तो गांव के एक घर में छापेमारी की और इस कारखाने का भंडाफोड़ किया।
पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने बुधवार शाम को बताया कि बिहार के नवादा जिले के निवासी आरोपी दंपति न केवल अवैध हथियारों के निर्माण में संलिप्त थे, बल्कि अपराधियों को उनकी तस्करी भी करते थे।
लुणायत ने कहा कि छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन पिस्तौल, नौ मैगजीन, एक वेल्डिंग मशीन और अन्य उपकरण जब्त किए।
उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और शस्त्र अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
भाषा
खारी मनीषा
मनीषा