नोएडा(उप्र), 29 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले में शेयर बाजार में निवेश का झांसा देकर साइबर अपराधियों द्वारा एक दंपत्ति से करीब 1.36 करोड़ रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अपर पुलिस उपायुक्त (साइबर अपराध)शैव्या गोयल ने बताया कि नोएडा सेक्टर 128 के जेपी विश टाउन सोसाइटी में रहने वाले रामकृष्ण खंडेलवाल ने बुधवार को साइबर अपराध थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
उन्होंने बताया कि खंडेलवाल के मुताबिक इस महीने उनके और उनकी पत्नी के साथ साइबर अपराधियों ने धोखाधड़ी की।
पीड़ित के मुताबिक साइबर ठगों एक लिंक भेज शेयर बाजार में मोटे मुनाफे पर निवेश करने का प्रलोभन दिया। खंडेलवाल ने बताया कि वे झांसे में आ गए और लिंक के माध्यम से ऐप डाउलनोड कर 16 अक्टूबर को शेयर बाजार में ‘ट्रेडिंग’ शुरू की।
शिकायत के मुताबिक दंपति ने 16 से 25 अक्टूबर के बीच आरोपियों द्वारा बताए गए विभिन्न खातों में एक करोड़ 36 लाख 35 हजार रुपये जमा कराए। खंडेलवाल ने बताया कि ऐप पर निवेश की राशि बढ़ी हुई दिखाई देती थी लेकिन जब राशि निकालने की कोशिश की गई पैसे निकालने की अनुमति नहीं दी।
गोयल ने बताया कि पुलिस उन खातों का पता लगाने की कोशिश कर रही है जिनमें पीड़ित दंपति से रकम जमा कराई गई थी और पूरे प्रकरण की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक मंगलवार को भी साइबर अपराध थाना में दया दास नामक व्यक्ति ने शेयर बाजार में निवेश के नाम पर 1.30 करोड़ रुपये की साइबर ठगी के संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी।
भाषा सं मनीषा धीरज
धीरज