बदायूं में तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मारी, दंपति की मौत, भतीजा घायल
बदायूं में तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मारी, दंपति की मौत, भतीजा घायल
बदायूं (उप्र), 25 सितम्बर (भाषा) बदायूं जिले में बृहस्पतिवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे दंपति की मौके पर ही मौत हो गई और उनका भतीजा घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उसने बताया कि कार चालक मौके से फरार हो गया और उसकी तलाश जारी है।
सिविल लाइंस थाने के प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि शेखूपुर गांव के पास कादर चौक रोड पर केंद्रीय विद्यालय के सामने दोपहर करीब तीन बजे यह हादसे हुआ जिसमें जान गंवाने वालों की पहचान बिनावर थाना क्षेत्र के अहिरवारा गांव के पप्पू (45) और उनकी पत्नी आसमा (40) के रूप में हुई है। उनके भतीजे यूसुफ (24) को मामूली चोटें आई हैं।
पुलिस के अनुसार, यह परिवार रमजानपुर गांव से दवाई लेकर लौट रहा था, तभी विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। पप्पू और आसमा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि यूसुफ को मामूली चोटें आईं।
रिश्तेदारों ने बताया कि लगभग 20 दिन पहले एक अन्य सड़क दुर्घटना में पप्पू की ‘कॉलरबोन’ टूट गई थी और उसका रमजानपुर के एक स्थानीय वैद्य से इलाज चल रहा था। वह अपनी पत्नी और भतीजे के साथ आगे की दवा लेने के लिए वहां गया था, तभी यह हादसा हुआ।
पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाया गया है। दंपति के परिवार में उनका 11 साल का बेटा फरहान है।
अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के बाद फरार हुए कार चालक की तलाश जारी है।
भाषा सं जफर
राजकुमार
राजकुमार

Facebook


