छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में 2023 बिरनपुर सांप्रदायिक झड़प मामले में अदालत ने 17 आरोपियों को बरी किया
छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में 2023 बिरनपुर सांप्रदायिक झड़प मामले में अदालत ने 17 आरोपियों को बरी किया
बेमेतरा, 17 फरवरी (भाषा) छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले की एक अदालत ने मंगलवार को अप्रैल 2023 में हुए बिरनपुर सांप्रदायिक झड़प के बाद पिता—पुत्र की हत्या मामले के आरोपी 17 लोगों को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया है।
बचाव पक्ष के अधिवक्ता मनोज नामदेव ने बताया कि अपर सत्र न्यायाधीश साक्षी दिक्षित की अदालत ने 64 गवाहों की जांच के बाद फैसला सुनाया।
नामदेव ने बताया कि अदालत ने रिकॉर्ड में रखे गए सबूतों की जांच की थी। अदालत ने आरोपियों को संदेह का लाभ दिया और उन्हें बरी करने का आदेश दिया।
आठ अप्रैल 2023 को बेमेतरा जिले के बिरनपुर गांव में अलग-अलग समुदायों के स्कूली बच्चों के बीच कथित तौर पर हुए झगड़े के बाद हिंसा भड़की गई थी। इस दौरान 22 वर्षीय भुनेश्वर साहू की हत्या कर दी गई।
पुलिस के मुताबिक इस घटना के बाद 11 अप्रैल को उसी गांव के रहने वाले रहीम मोहम्मद (55) और उनके बेटे ईदुल मोहम्मद (35) का शव बरामद किया गया। दोनों की पत्थर और डंडे से हत्या की गई थी। इस मामले की जांच के दौरान पुलिस ने 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
अधिकारियों ने बताया कि भुनेश्वर की हत्या का मामला अप्रैल 2024 में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंप दिया गया। रायपुर की सीबीआई अदालत में मामले की सुनवाई चल रही है। झड़प के दौरान कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए थे।
राज्य में जब विधानसभा के चुनाव हुए तब भाजपा ने इस घटना को लेकर तत्कालीन कांग्रेस सरकार पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया था तथा साजा सीट से भुनेश्वर साहू के पिता ईश्वर साहू को चुनाव मैदान में उतारा था।
साहू ने इस चुनाव में तत्कालीन मंत्री और कांग्रेस के प्रभावशाली कांग्रेस नेता रविंद्र चौबे को हराया है।
भाषा सं संजीव रंजन
रंजन

Facebook


