नयी दिल्ली, 23 अप्रैल (भाषा) दिल्ली की एक अदालत ने पॉश इलाके कैलाश हिल्स स्थित आवास में एक वरिष्ठ आईआरएस अधिकारी की बेटी की हत्या के आरोपी घरेलू सहायक राहुल मीणा को बृहस्पतिवार को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट दीपिका ठाकरान ने दिल्ली पुलिस की उस याचिका को स्वीकार कर लिया, जिसमें मीणा (19) को पूछताछ के लिए चार दिनों की पुलिस हिरासत में भेजने का अनुरोध किया गया था।
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के पॉश इलाके कैलाश हिल्स में भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) के वरिष्ठ अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की बुधवार सुबह कथित तौर पर बलात्कार के बाद हत्या कर दी गई थी।
आरोपी ने इस घटना को अंजाम देने से कुछ घंटे पहले राजस्थान के अलवर में भी एक महिला का यौन उत्पीड़न किया था।
भाषा शफीक सुभाष
सुभाष