माकपा-भाकपा ने चुनाव प्रचार शुरू किया, यूडीएफ और राजग उम्मीदवारों की सूची को दे रहे अंतिम रूप
माकपा-भाकपा ने चुनाव प्रचार शुरू किया, यूडीएफ और राजग उम्मीदवारों की सूची को दे रहे अंतिम रूप
तिरुवनंतपुरम, 16 मार्च (भाषा) केरल में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कार्यक्रम की घोषणा होते ही मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) व भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने चुनाव प्रचार गतिविधियां तेज कर दीं जबकि अन्य पार्टियां अपने उम्मीदवारों के नामों की सूची को अंतिम रूप दे रही हैं।
माकपा और भाकपा उम्मीदवारों की घोषणा पहले ही कर चुकी हैं।
भाकपा और माकपा के कई नेता सोमवार को अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों का दौरा कर मतदाताओं से सीधे बातचीत कर रहे थे।
नागरिक आपूर्ति मंत्री व भाकपा उम्मीदवार जीआर अनिल ने सुबह-सुबह नेदुमंगड निर्वाचन क्षेत्र में अपना चुनाव प्रचार शुरू किया और बाजार का दौरा किया।
अनिल इस निर्वाचन क्षेत्र से दूसरी बार चुनाव मैदान में हैं।
उन्होंने कहा, “मैं पिछले पांच वर्षों से नेदुमंगड के लोगों के साथ रहा हूं। वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार इस क्षेत्र में विकास ला सकती है। हमें विश्वास है कि हम यह सीट फिर से जीतेंगे।”
अनिल ने कहा कि निर्वाचन क्षेत्र में जल्दी शुरुआत करने का फायदा है क्योंकि संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा ( यूडीएफ) और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने अब तक अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है।
उन्होंने कहा,“लोगों को एलडीएफ सरकार पर पूरा भरोसा है। अगर जनता को कोई शिकायत है, तो हम उसे सुनने और दूर करने के लिए तैयार हैं।”
मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के दामाद पीडब्ल्यूडी मंत्री पीए मोहम्मद रियास भी कोझिकोड के बेपोर निर्वाचन क्षेत्र में चुनाव प्रचार में सक्रिय थे।
उद्योग मंत्री पी. राजीव ने कलामस्सेरी निर्वाचन क्षेत्र में अपना चुनाव प्रचार शुरू किया।
वह घर-घर जाकर और निर्वाचन क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों का प्रचार कर वोट मांग रहे हैं।
वहीं वित्त मंत्री के.एन. बालागोपाल ने भी कोट्टारक्कारा में चुनाव प्रचार शुरू कर दिया।
उनका मुकाबला माकपा की पूर्व नेता पी. आयशा पोट्टि से होने की संभावना है, जो हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुई हैं।
कन्नूर जिले के थलस्सेरी निर्वाचन क्षेत्र में कराई राजन ने भी सोमवार को अपना चुनाव प्रचार शुरू किया।
राजन, एनडीएफ कार्यकर्ता मोहम्मद फजल की हत्या के मामले में सातवें आरोपी हैं और सीबीआई इस मामले की जांच कर रही है।
राजन ने कहा कि निर्वाचन क्षेत्र के लोग उन्हें अच्छी तरह जानते हैं और इस मामले का उनकी चुनावी संभावनाओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
कांग्रेस (एम) समेत एलडीएफ के अन्य सहयोगी दल भी जल्द ही अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर सकते हैं।
इस बीच, यूडीएफ व राजग भी उम्मीदवारों के चयन के अंतिम चरण में हैं और जल्द ही घोषणा होने की संभावना है।
भाषा जितेंद्र नरेश
नरेश

Facebook


