माकपा की चुनाव समीक्षा रिपोर्ट से पिछली एलडीएफ सरकार पर यूडीएफ के आरोपों की पुष्टि हुई: सतीशन

Ads

माकपा की चुनाव समीक्षा रिपोर्ट से पिछली एलडीएफ सरकार पर यूडीएफ के आरोपों की पुष्टि हुई: सतीशन

  •  
  • Publish Date - July 29, 2026 / 04:12 PM IST,
    Updated On - July 29, 2026 / 04:12 PM IST

तिरुवनंतपुरम, 29 जुलाई (भाषा) केरल के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने बुधवार को कहा कि विधानसभा चुनाव में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की हार पर पार्टी की केंद्रीय समिति की समीक्षा रिपोर्ट से इस बात की पुष्टि हो गई है कि पिनराई विजयन के नेतृत्व वाली पिछली एलडीएफ सरकार पर विपक्ष ने जो आरोप लगाए थे, वे सही थे।

कैबिनेट बैठक के बाद संवादाताओं से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि रिपोर्ट में खुद स्वीकार किया गया है कि पिछली सरकार ने अपने धर्मनिरपेक्ष रुख से समझौता किया था।

उन्होंने कहा कि यही आरोप उस समय कांग्रेस के नेतृत्व वाला विपक्षी गठबंधन संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) पर लगातार लगाता रहा था।

समीक्षा रिपोर्ट में पिछली एलडीएफ सरकार के दौरान आयोजित ग्लोबल अयप्पा संगमम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संदेश पढ़े जाने की आलोचना का जिक्र करते हुए सतीशन ने कहा कि उन्होंने उसी समय इस पर सवाल उठाया था।

उन्होंने कहा, “योगी आदित्यनाथ का संदेश पढ़ने का मकसद क्या था? ऐसा करके किसे खुश करना था? उस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री का पत्र पढ़ने की क्या जरूरत थी? शबरिमला में ज्यादातर श्रद्धालु तमिलनाडु, तेलंगाना और कर्नाटक से आते हैं।”

इससे एक दिन पहले कुछ मीडिया संस्थानों ने 11 से 13 जुलाई के बीच हुई माकपा की केंद्रीय समिति की बैठक में स्वीकार की गई विधानसभा चुनाव परिणामों की समीक्षा रिपोर्ट की जानकारी प्रकाशित की ।

पार्टी की आंतरिक समीक्षा में स्वीकार किया गया कि केरल विधानसभा चुनाव के दौरान माकपा का प्रचार अभियान तत्कालीन मुख्यमंत्री पिनराई विजयन पर जरूरत से ज्यादा केंद्रित हो गया था। इसका फायदा उठाकर विपक्ष चुनाव को राजनीतिक मुकाबले की बजाय एक व्यक्ति पर केंद्रित चुनाव बनाने में सफल रहा।

समीक्षा रिपोर्ट में यह भी स्वीकार किया गया कि ग्लोबल अयप्पा संगमम में माकपा के एक मंत्री द्वारा योगी आदित्यनाथ का संदेश पढ़े जाने से पार्टी की धर्मनिरपेक्ष छवि को नुकसान पहुंचा और यह धारणा बनी कि पार्टी हिंदुत्व की सांप्रदायिक ताकतों के प्रति नरम रुख अपना रही है।

भाषा जोहेब पवनेश

पवनेश