पंजाब में सीमा पार मादक पदार्थ और हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़, दो लोग गिरफ्तार

Ads

पंजाब में सीमा पार मादक पदार्थ और हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़, दो लोग गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - April 30, 2026 / 07:30 PM IST,
    Updated On - April 30, 2026 / 07:30 PM IST

चंडीगढ़, 30 अप्रैल (भाषा) पंजाब पुलिस ने बृहस्पतिवार को सीमा पार से मादक पदार्थ और हथियार तस्करी करने वाले मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया और उनके पास से चार किलोग्राम हेरोइन बरामद की।

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि अमृतसर पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार अत्याधुनिक पिस्तौल और पांच कारतूस भी बरामद किए हैं।

डीजीपी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान तरनतारन के लाहुका गांव के निवासी अर्शदीप सिंह उर्फ ​​अर्श (21) और तरनतारन के मोहल्ला जसवंत सिंह नगर के निवासी तरसेम सिंह उर्फ ​​कैरन उर्फ ​​पहलवान (31) के रूप में हुई है।

मामले की जांच के अनुसार, दोनों आरोपी सोशल मीडिया मंचों के माध्यम से पाकिस्तान स्थित तस्करों के संपर्क में थे।

डीजीपी यादव ने बताया कि अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की खेप ड्रोन के जरिए पहुंचाई जाती थी, जिसे बाद में आरोपी इकट्ठा कर उसकी तस्करी करते थे।

अधिकारी के अनुसार, यह पता लगाने के लिए जांच की जा रही है कि गिरोह के तार कहां तक फैले हैं तथा इसमें और कौन लोग शामिल हैं।

अमृतसर के पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि आरोपी अर्शदीप के पास से 2.6 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई।

उन्होंने बताया कि आरोपी अर्शदीप से पूछताछ के बाद सह-आरोपी तरसेम को भी गिरफ्तार कर लिया गया और उसके पास से 1.5 किलोग्राम हेरोइन तथा चार पिस्तौल बरामद की गईं।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि कुख्यात अपराधी और आरोपी तरसेम 16 आपराधिक मामलों का सामना कर रहा है। वह वर्तमान में विदेश में रह रहे गैंगस्टर गुरप्रीत सिंह उर्फ ​​कृष्ण जंडियाला का सहयोगी है।

उन्होंने बताया कि इस मामले में अमृतसर के छावनी थाने में स्वापक औषधि एवं मन: प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम और शस्त्र कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है।

भाषा प्रचेता शफीक

शफीक