नयी दिल्ली, 19 जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने कर्नाटक विधान परिषद चुनाव में क्रॉस-वोटिंग को लेकर पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख विजयेंद्र येदियुरप्पा और कुछ अन्य नेताओं को तलब किया है।
पार्टी सूत्रों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि नवीन ने चुनाव में क्रॉस-वोटिंग पर कड़ी आपत्ति जताई है और येदियुरप्पा व अन्य नेताओं से 23 जून को यहां उनसे मुलाकात को कहा है।
कर्नाटक में मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार के नेतृत्व में नयी सरकार के कार्यभार संभालने के बाद हुए पहले चुनावी मुकाबले में, सत्ताधारी कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को विधान परिषद की सात सीट में से पांच पर जीत हासिल की जबकि विपक्षी दल भाजपा ने दो सीट जीतीं।
सूत्रों ने बताया कि परिणामों में विपक्षी दल भाजपा और जद (एस) के विधायकों की क्रॉस-वोटिंग सामने आई, जिससे कांग्रेस को 151 वोट मिले, जो उसके अनुमानित 140 वोटों से 11 अधिक थे।
सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती जानकारी से पता चलता है कि इस चुनाव में भाजपा के तीन और जद(एस) के आठ विधायकों ने कथित तौर पर क्रॉस-वोटिंग की और भाजपा के एक विधायक का वोट अमान्य घोषित कर दिया गया।
पार्टी के वरिष्ठ नेता आर. अशोक ने भाजपा विधायकों द्वारा क्रॉस-वोटिंग किए जाने की बात स्वीकार करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि जिन लोगों ने पार्टी के साथ विश्वासघात किया है, उनकी पहचान की जाएगी और उनके खिलाफ कार्रवाई पर फैसला लिया जाएगा।
पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष विजयेंद्र ने कहा, ‘‘किसने क्रॉस-वोटिंग की और क्यों? जानकारी मिलने के बाद पार्टी फैसला करेगी।’’
भाषा शोभना मनीषा
मनीषा