अमरनाथ यात्रा के मद्देनजर उच्च स्तर की अभियानगत तैयारी बनाए रखे पुलिस बल: कश्मीर महानिरीक्षक

Ads

अमरनाथ यात्रा के मद्देनजर उच्च स्तर की अभियानगत तैयारी बनाए रखे पुलिस बल: कश्मीर महानिरीक्षक

  •  
  • Publish Date - June 19, 2026 / 05:06 PM IST,
    Updated On - June 19, 2026 / 05:06 PM IST

श्रीनगर, 19 जून (भाषा) अमरनाथ यात्रा से पहले कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक वी के बिरदी ने शुक्रवार को पुलिस बल को निर्देश दिया कि वह सुरक्षा और साजो-सामान से जुड़ी सभी चुनौतियों का सामना करने के लिए सतर्क रहे और उच्च स्तर की अभियानगत तैयारी बनाए रखे।

पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि तीन जुलाई से शुरू होने वाली 57 दिन की यात्रा की तैयारियों के संबंध में बिरदी ने ज़ोनल और सेक्टर अधिकारियों के साथ बैठक की, और यात्रा मार्गों पर तालमेल तथा अभियानगत तैयारियों की समीक्षा की गई।

उन्होंने कहा कि बैठक में उपमहानिरीक्षक मध्य कश्मीर रेंज (श्रीनगर), उपमहानिरीक्षक दक्षिण कश्मीर रेंज (अनंतनाग), वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पीसीआर कश्मीर, पुलिस महानिरीक्षक कश्मीर के स्टाफ अधिकारी, यात्रा के लिए तैनात सभी ज़ोनल और सेक्टर अधिकारी तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

बैठक के दौरान, बिरदी ने सुरक्षित, सुचारू और सफल यात्रा सुनिश्चित करने के लिए कार्यकुशलता, सतर्कता और जनसेवा के उच्चतम मानकों को बनाए रखने के महत्व पर ज़ोर दिया।

प्रवक्ता ने कहा कि अधिकारियों को सुरक्षा और साजो-सामान से जुड़ी सभी चुनौतियों का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार रहने और सुरक्षा ग्रिड को प्रभावी ढंग से लागू करने का निर्देश दिया गया।

उन्होंने कहा कि अधिकारियों को यह निर्देश भी दिया गया कि वे यात्रा के दौरान जानकारी के सुचारू आदान-प्रदान, संयुक्त प्रतिक्रिया तंत्र और समन्वित अभियान प्रयासों के लिए सहयोगी एजेंसियों के साथ करीबी तालमेल बनाए रखें।

जनसेवा के महत्व पर ज़ोर देते हुए, पुलिस महानिरीक्षक कश्मीर ने सभी अधिकारियों और कर्मियों से श्रद्धालुओं को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने और उनकी सुरक्षा, सुविधा व कुशलक्षेम सुनिश्चित करने को कहा।

अमरनाथ यात्रा तीन जुलाई को शुरू होगी और 28 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन संपन्न होगी।

भाषा

नेत्रपाल रंजन

रंजन