इंफाल, सात अप्रैल (भाषा) मणिपुर सरकार ने एक बम विस्फोट में दो बच्चों की मौत के बाद हुई हिंसा के मद्देनजर मंगलवार को इंफाल पूर्व, इंफाल पश्चिम, बिष्णुपुर और काकचिंग जिलों में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लगा दिया। यह जानकारी अधिकारियों ने दी।
इंफाल पश्चिम, इंफाल पूर्व, बिष्णुपुर और काकचिंग के जिलाधिकारियों ने मंगलवार से अपने-अपने जिलों में कर्फ्यू लागू करने का आदेश जारी किया।
आदेश में कहा गया है, ‘‘सात अप्रैल से अगले आदेश तक किसी भी व्यक्ति का अपने निवास स्थान से बाहर निकलना प्रतिबंधित है। यह आदेश कानून व्यवस्था बनाए रखने, आवश्यक आपातकालीन और स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने वाली सरकारी एजेंसियों पर लागू नहीं होगा।”
इससे पहले दिन में, एक आधिकारिक बयान में जानकारी दी गई कि मणिपुर सरकार ने इंफाल पश्चिम, इंफाल पूर्व, थौबल, काकचिंग और बिष्णुपुर के पांच घाटी जिलों में ब्रॉडबैंड, वीसैट और वीपीएन सहित इंटरनेट और मोबाइल डेटा सेवाओं को तीन दिनों के लिए निलंबित करने का आदेश दिया था।
बिष्णुपुर जिले में बम विस्फोट में दो बच्चों की मौत के विरोध में एक भीड़ ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक शिविर पर धावा बोल दिया, जिसके बाद हुई गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए।
प्रदर्शनकारियों ने बम हमले वाली जगह से कुछ ही सौ मीटर दूर गेलमोल के पास स्थित सीआरपीएफ के एक शिविर पर धावा बोल दिया, वहां वाहनों को जला दिया और संपत्तियों में तोड़फोड़ की।
भाषा अमित पवनेश
पवनेश