पार्थ की कांग्रेस के ‘पतन’ संबंधी टिप्पणी अनुचित, व्यक्ति को जमीन से जुड़ा रहना चाहिए: रोहित पवार

Ads

पार्थ की कांग्रेस के ‘पतन’ संबंधी टिप्पणी अनुचित, व्यक्ति को जमीन से जुड़ा रहना चाहिए: रोहित पवार

  •  
  • Publish Date - April 7, 2026 / 08:37 PM IST,
    Updated On - April 7, 2026 / 08:37 PM IST

पुणे, सात अप्रैल (भाषा) राकांपा (शप) के विधायक रोहित पवार ने मंगलवार को राकांपा नेता पार्थ पवार की उस टिप्पणी को ‘‘अनुचित’’ बताया, जिसमें उन्होंने महाराष्ट्र में कांग्रेस के ‘‘पतन’’ की बात कही थी।

रोहित ने साथ ही यह सुनिश्चित करने के लिए बातचीत का आह्वान किया कि बारामती उपचुनाव निर्विरोध संपन्न हो।

उन्होंने पार्थ की टिप्पणी के संबंध में इस बात पर ज़ोर दिया कि चाहे कोई सत्ता में हो या विपक्ष का हिस्सा, उसे ज़मीन से जुड़ा रहना चाहिए।

महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री और राकांपा अध्यक्ष सुनेत्रा पवार बारामती विधानसभा सीट के लिए 23 अप्रैल को होने वाला उपचुनाव लड़ रही हैं। इस सीट से उनके पति अजित पवार विधायक थे जिनकी इस साल जनवरी में बारामती में एक विमान दुर्घटना में मृत्यु हो गई।

सत्तारूढ़ महायुति ने दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार के सम्मान के तौर पर निर्विरोध चुनाव का आह्वान किया है।

विपक्षी ‘महा विकास अघाडी (एमवीए) की घटक राकांपा (शप) और शिवसेना (उबाठा) ने इस सीट पर अपने उम्मीदवार नहीं उतारे, वहीं कांग्रेस ने आकाश मोरे के नाम की घोषणा करके चुनाव लड़ने का फ़ैसला किया।

इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए पार्थ पवार ने सोमवार को कहा था कि उनकी मां के खिलाफ उम्मीदवार उतारने का कांग्रेस को ‘‘नुकसान उठाना पड़ेगा’’। उन्होंने यह भी कहा कि महाराष्ट्र में कांग्रेस का ‘‘पतन’’ हो रहा है।

इन टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए रोहित पवार ने कहा कि यह राकांपा (शप) की सांसद सुप्रिया सुले ही थीं, जिन्होंने पहले निर्विरोध उपचुनाव कराने की अपील की थी जिसका सम्मान करते हुए कई राजनीतिक दलों ने अपने उम्मीदवार मैदान में नहीं उतारे।

रोहित ने कहा कि कांग्रेस के उम्मीदवार आकाश मोरे ने एक शर्त के साथ नामांकन दाखिल किया है, जिसमें उन्होंने संकेत दिया है कि यदि 28 जनवरी को बारामती में हुए विमान हादसे के संबंध में प्राथमिकी दर्ज की जाती है तो वह अपना नामांकन वापस ले लेंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘कोई भी बयान देने से पहले पार्थ को सोच-समझकर बोलना चाहिए था। हमें नहीं लगता कि उनकी टिप्पणी उचित है।’’

रोहित ने विश्वास व्यक्त किया कि कांग्रेस यह सुनिश्चित करने के लिए आगे आएगी कि उपचुनाव निर्विरोध हो।

सुनेत्रा पवार ने सोमवार को बारामती उपचुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

भाषा नेत्रपाल पवनेश

पवनेश