शिलांग, 12 मार्च (भाषा) मेघालय के पश्चिम गारो हिल्स जिले में दो दिन पूर्व हुई हिंसा में दो लोगों की मौत के बाद पूर्वी गारो हिल्स जिले में लगाए गए कर्फ्यू में आज यानी बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे से अपराह्न एक बजे तक की ढील दी गई है ताकि लोग अपनी जरूरत का सामान खरीद सकें। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि पश्चिम गारो हिल्स में हुई हिंसा के मद्देनजर सार्वजनिक शांति एवं व्यवस्था बाधित होने की आशंकाओं के कारण पूर्वी गारो हिल्स जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत कर्फ्यू लगाया गया है।
पूर्वी गारो हिल्स के उपायुक्त आर पी मराक ने बताया कि यह छूट इसलिए दी गई है ताकि निवासी आवश्यक वस्तुएं खरीद सकें और इस दौरान सुरक्षा बल संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बनाए रखेंगे।
मंगलवार को पश्चिम गारो हिल्स के चिबिनांग में पुलिस की गोलीबारी में दो लोग मारे गए। यह घटना गारो समुदाय के कुछ वर्गों द्वारा गैर-गारो उम्मीदवारों के नामांकन दाखिल करने के प्रयास के विरोध में किए गए प्रदर्शनों के वक्त हुई झड़पों के दौरान हुई।
मेघालय सरकार ने हालिया हिंसा में दो लोगों की मौत के मद्देनजर गारो हिल्स स्वायत्त जिला परिषद के 10 अप्रैल को होने वाले चुनावों को बुधवार को स्थगित कर दिया और पांच जिलों में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं भी निलंबित कर दी गईं।
भाषा शोभना सिम्मी
शोभना
शोभना