दिल्ली में साइबर अपराध गिरोह का भंडाफोड़, पांच गिरफ्तार

Ads

दिल्ली में साइबर अपराध गिरोह का भंडाफोड़, पांच गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - October 31, 2025 / 05:11 PM IST,
    Updated On - October 31, 2025 / 05:11 PM IST

नयी दिल्ली, 31 अक्टूबर (भाषा) दिल्ली पुलिस ने एक साइबर धोखाधड़ी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए एक बैंक के जनसंपर्क प्रबंधक सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि इस गिरोह का सरगना एक भारतीय था जो दुबई से इसका संचालन कर रहा था।

पुलिस के अनुसार, गिरोह कई फर्जी फर्म संचालित करता था और कम से कम 12 राज्यों के पीड़ितों से ठगी गई धनराशि को वैध करने के लिए कई चालू खाते खोल रखे थे।

अपराध शाखा द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है, ‘प्रत्येक बैंक खाते के लिए आरोपियों ने कथित तौर पर 1.5 लाख रुपया कमीशन लिया।’’

उसने बताया कि डिजिटल निगरानी के माध्यम से विभिन्न ठिकानों का पता लगाकर कई समन्वित छापे मारे गए। इस दौरान आरोपियों को दिल्ली, गुरुग्राम और हिसार से गिरफ्तार किया गया। इनकी पहचान मंजीत सिंह (28), मनस्वी (23), मनीष मेहरा (33), सोमबीर (43), और एक बैंक अधिकारी अनूप (35) के रूप में हुई है।

बयान के अनुसार, ‘जून में दर्ज एक ऑनलाइन प्राथमिकी की जांच से पता चला कि यह गिरोह दुबई स्थित एक संचालक के निर्देशों पर काम करता था। संचालक की पहचान टॉम के रूप में हुई है। बैंक अधिकारी अनूप ने चालू खाते खोलने में मदद की और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) शिकायतों और खातों पर रोक लगाने से संबंधित आंतरिक अलर्ट लीक किए।’

गिरोह के अन्य लोगों पर कई फर्जी कंपनी बनाने, बही-खाते रखने और वित्तीय लेनदेन का समन्वय करने का आरोप है।

पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कम से कम तीन फर्जी फर्म खोलने और ठगी गई धनराशि को अंतरित करने के लिए आठ बैंक खाते खोलने की बात कबूल की है।

उन्होंने बताया कि ऐसी राशि को बाद में ‘क्रिप्टोकरेंसी’ में बदल दिया गया ताकि उसका पता न चल सके।

पुलिस उपायुक्त (अपराध शाखा) आदित्य गौतम ने कहा, ‘हमने 18 मोबाइल फोन, क्रिप्टोकरेंसी वॉलेट के डेटा वाला एक लैपटॉप, बैंक के दस्तावेज, 36 सिम कार्ड और कई चेकबुक बरामद किए हैं।’

उन्होंने कहा, ‘जब्त किए गए दस्तावेज़ तमिलनाडु, कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, गुजरात, केरल और हरियाणा में दर्ज 52 साइबर धोखाधड़ी शिकायतों से जुड़े हैं।’

भाषा

प्रचेता अविनाश

अविनाश

अविनाश