हरियाणा में साइबर धोखाधड़ी रैकेट का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार
हरियाणा में साइबर धोखाधड़ी रैकेट का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार
हिसार, 25 मई (भाषा) हिसार पुलिस की साइबर पुलिस स्टेशन टीम ने साइबर धोखाधड़ी में शामिल एक संगठित रैकेट का भंडाफोड़ कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने सोमवार को यहां बताया कि आरोपी लोगों को फोन करते थे और खुद को विभिन्न संस्थानों के अधिकारी बताते थे ताकि उनका विश्वास जीत सकें और फिर धन स्थानांतरित करने और प्रोसेसिंग फीस के बहाने उन्हें विभिन्न बैंक खातों में पैसे जमा करने के लिए प्रेरित करके उनसे धोखाधड़ी करते थे।
पुलिस ने यहां बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह गिरोह कई राज्यों में सक्रिय था और साइबर धोखाधड़ी के जरिए लोगों को अपना शिकार बना रहा था।
पुलिस फिलहाल आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और उनसे संबंधित बैंक खातों की जांच जारी है।
पुलिस ने उनके कब्जे से पांच लाख रुपये नकद, 24 चेक बुक, 12 एटीएम कार्ड, दो आधार कार्ड, दो पैन कार्ड और जाली दस्तावेजों सहित विभिन्न अन्य सामग्री बरामद की है।
उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान पश्चिम बंगाल के मोहम्मद मोशीरुल हक उर्फ उत्सव उपाध्याय, महाराष्ट्र के भरत जनक सिंह कपाड़िया उर्फ राम प्रसाद नाना और दिल्ली निवासी सुभाष कुमार और साहिल गुसैन मंजवाल के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि हिसार के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मयंक मुदगिल के निर्देशन में गठित विशेष साइबर टीम ने तकनीकी खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए, बैंक खातों की गहन जांच और डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषण के माध्यम से आरोपियों का पता लगाया।
जांच के दौरान यह बात सामने आई कि आरोपी साइबर धोखाधड़ी के एक संगठित नेटवर्क का संचालन कर रहे थे।
भाषा शोभना नरेश
नरेश

Facebook


