हिमाचल में पूरे उत्साह के साथ मनाया गया दलाई लामा का 91वां जन्मदिन

Ads

हिमाचल में पूरे उत्साह के साथ मनाया गया दलाई लामा का 91वां जन्मदिन

  •  
  • Publish Date - July 6, 2026 / 05:10 PM IST,
    Updated On - July 6, 2026 / 05:10 PM IST

धर्मशाला/शिमला, छह जुलाई (भाषा) तिब्बत के आध्यात्मिक नेता दलाई लामा का 91वां जन्मदिन आज उत्साह के साथ पूरे हिमाचल प्रदेश में तिब्बती समुदाय द्वारा मनाया गया और इस अवसर पर विशेष प्रार्थनाएं आयोजित की गईं।

दलाई लामा का जन्म छह जुलाई, 1935 को तिब्बत में अमदो इलाके के छोटे से गांव तक्तसेर में एक तिब्बती किसान परिवार में हुआ था।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 14वें दलाई लामा को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि वह करुणा, अहिंसा और सार्वभौमिक मानवीय मूल्यों के वैश्विक प्रतीक हैं।

जन्मदिन का प्रमुख समारोह लेह, लद्दाख में शेवात्सेल टीचिंग ग्राउंड में आयोजित किया गया जहां इस समय दलाई लामा दौरे पर हैं। इसके अलावा हिमाचल के कांगड़ा जिले में धर्मशाला के पास मैक्लॉडगंज में सुगलागखंग मठ में समारोह आयोजित किए गए जो केंद्रीय तिब्बती प्रशासन का मुख्यालय है।

इस समारोह में कांगड़ा के उपायुक्त हेमराज बैरवा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

इस मौके पर तिब्बती कलाकारों ने परंपरागत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, वहीं तिब्बती निर्वासित समुदाय के वरिष्ठ नेताओं ने उपस्थित लोगों को संबोधित किया।

यहां अपने एक संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘दलाई लामा का जीवन मानवता को प्रेम, सद्भाव और निस्वार्थ सेवा का रास्ता अपनाने के लिए प्रेरित करता रहता है, जबकि उनकी शिक्षाएं दुनिया भर के लाखों लोगों के लिए उम्मीद की किरण और नैतिक मार्गदर्शन का काम करती हैं।’’

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में दलाई लामा की उपस्थिति ने राज्य को आध्यात्मिकता और शांति के एक प्रमुख केंद्र के तौर पर वैश्विक पहचान दिलाई है।

उन्होंने कहा, ‘‘दया और मिल-जुलकर रहने का दलाई लामा का सदाबहार संदेश राज्य की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत को समृद्ध करने वाला रहा है। इसने दुनिया भर के लोगों को प्रेरित किया है।’’

तिब्बती आध्यात्मिक नेता हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में रहते हैं।

भाषा वैभव प्रशांत

प्रशांत