तिरुवनंतपुरम, 21 जुलाई (भाषा) केरल के स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन ने राज्य में संक्रामक बीमारियों से निपटने के सरकार के तरीके को लेकर विपक्ष के नेता पिनराई विजयन की आलोचना को खारिज करते हुए कहा कि सरकारी आंकड़े बताते हैं कि पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में इस साल लेप्टोस्पायरोसिस और डेंगू से होने वाली मौतों में कमी आई है।
मुरलीधरन ने सोमवार रात फेसबुक पर साझा की गई एक पोस्ट में पूर्व मुख्यमंत्री विजयन पर दो महीने पुरानी संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार के खिलाफ ‘‘भ्रामक दावे’’ करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, ‘‘इन आरोपों का जवाब आंकड़े देंगे।’’
विजयन के आरोपों का जवाब देते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल के दौरान पिछले पांच वर्षों में केवल लेप्टोस्पायरोसिस के कारण ही केरल में लगभग 1,500 लोगों की मौत हुई थी।
उन्होंने कहा, ‘‘पिछले वर्ष इसी अवधि के दौरान लेप्टोस्पायरोसिस की मृत्यु दर 6.7 प्रतिशत थी, जो इस वर्ष घटकर 5.3 प्रतिशत रह गई है। इसी प्रकार, डेंगू से मृत्यु दर भी पिछले वर्ष प्रति एक हजार मरीजों पर छह मौतों से घटकर इस वर्ष दो रह गई है।’’
इससे पहले, विजयन ने आरोप लगाया था कि पिछले दो महीनों में केरल में संक्रामक बीमारियों के कारण 150 लोगों की मौत हुई है। उन्होंने यह भी दावा किया था कि इस दौरान राज्य के विभिन्न जिलों से कथित चिकित्सीय लापरवाही के 20 गंभीर मामले सामने आए हैं।
भाषा खारी शफीक
शफीक