राहुल को क्यों मिली छठी कतार में जगह, सोशल मीडिया पर गरमाई बहस

Ads

राहुल को क्यों मिली छठी कतार में जगह, सोशल मीडिया पर गरमाई बहस

  •  
  • Publish Date - January 27, 2018 / 10:32 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:27 PM IST

नई दिल्ली।  गणतंत्र दिवस पर दिल्ली के राजपथ पर होने वाले समारोह में इस बार आसियान देशों के दस राष्ट्राध्यक्षों का एक साथ मुख्य अतिथि होने की चर्चा के साथ-साथ एक और चर्चा भी खूब हुई, जो उसके अगले दिन भी सोशल मीडिया पर छाई हुई है। ये चर्चा है, कांग्रेस अध्यक्ष और अमेठी से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का छठी कतार में बैठना। कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट करके इसे नरेंद्र मोदी सरकार की ओछी राजनीति करार दिया है, उन्होंने इसे परंपराओं का अपमान भी करार दिया है।

कांग्रेस के हमले पर तीखी प्रतिक्रिया जताते हुए भाजपा नेता जीवीएल नरसिंहराव ने कहा है कि राहुल गांधी को प्रोटोकॉल, नियम और परंपरा के मुताबिक ही सीट दी गई थी। भाजपा नेता ने पलटवार किया कि कांग्रेस जिस तरह से इसे मुद्दा बना रही है, उससे साफ पता चलता है कि उसकी सोच में लोकतंत्र नाम का शब्द ही गुम है।

पत्रकार राजदीप सरदेसाई ने भी इस बहस को लेकर ट्वीट किया कि समझ में नहीं आता कि चार का चक्कर क्या है? उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की जगह अगर वो खुद होते तो इस मौके का बड़ा फायदा उठाते और टिकट लेकर आम जनता के बीच जा बैठते। 

इसके बाद तो राहुल गांधी की सीट को लेकर यूजर्स के बीच ट्वीट्स की होड़ लग गई। किसी ने बीजेपी अध्यक्ष को सिर्फ राज्यसभा सांसद होने के बावजूद अगली पंक्ति में जगह मिलने पर टिप्पणी की तो किसी ने राहुल गांधी के आगे केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के बैठे होने पर भी ट्वीट किया। जवाबी ट्वीट्स में भी कई यूजर्स ने खूब चुटकियां ली, किसी ने भारतीय राजनीति में राहुल गांधी के योगदान पर सवाल पूछा तो किसी ने ये जानना चाहा कि क्या राहुल गांधी को बुलाया गया था? 

ये भी पढ़ें- आधार बनवाने को न समझें खेल, वर्ना केस हुआ तो नहीं मिलेगी बेल

बताया जाता है कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को चौथी पंक्ति में जगह दी गई थी, लेकिन उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बाद में छठी कतार में उनकी जगह की गई, क्योंकि छठी कतार से बाहर निकलना चौथी की तुलना में ज्यादा सुविधाजनक था। हालांकि खुद राहुल गांधी की ओर से इस बारे में कोई प्रतिक्रिया नहीं व्यक्त की गई है और पूरे समारोह के दौरान वो छठी कतार की अपनी सीट से पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम देखते नज़र आए। 

 

वेब डेस्क, IBC24