दीनदयाल उपाध्याय राष्ट्र की निस्वार्थ सेवा के प्रेरक उदाहरण थे: भारतीय जनता पार्टी

दीनदयाल उपाध्याय राष्ट्र की निस्वार्थ सेवा के प्रेरक उदाहरण थे: भारतीय जनता पार्टी

दीनदयाल उपाध्याय राष्ट्र की निस्वार्थ सेवा के प्रेरक उदाहरण थे: भारतीय जनता पार्टी
Modified Date: September 25, 2026 / 12:36 pm IST
Published Date: September 25, 2026 12:36 pm IST

नयी दिल्ली, 25 सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को पार्टी के विचारक दीनदयाल उपाध्याय को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि देते हुए उनके ‘एकात्म मानववाद’ और ‘अंत्योदय’ के विचारों को स्मरण किया और उन्हें देश के लिए ‘नि:स्वार्थ सेवा का प्रेरणादायक उदाहरण’ बताया।

मथुरा में जन्मे उपाध्याय भारतीय जनसंघ के एक प्रमुख संगठनात्मक पदाधिकारी थे। बाद में जनसंघ से भारतीय जनता पार्टी का उदय हुआ।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में भारतीय जनसंघ के पदाधिकारी को ‘महान राष्ट्र-सेवक’ तथा ‘अंत्योदय’ और एकात्म मानववाद का प्रणेता बताते हुए कहा कि उनके विचार देश को राष्ट्र-सेवा और जन-कल्याण की दिशा में मार्गदर्शन देते रहेंगे।

शाह ने लिखा, ‘‘ ‘अंत्योदय’ और एकात्म मानववाद के प्रणेता, महान राष्ट्र-सेवक और श्रद्धेय पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती पर मैं उन्हें कोटि-कोटि नमन करता हूं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘दीनदयाल जी राजनीति को सत्ता पाने का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र-सेवा और समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान का माध्यम मानते थे।’’

शाह ने कहा कि ‘राष्ट्रधर्म’ और ‘पाञ्चजन्य’ के माध्यम से उपाध्याय ने राष्ट्रीय विचारों को आवाज दी और कई आंदोलनों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता के मुद्दे उठाए।

उन्होंने कहा, ‘‘पंडित जी के विचार हमेशा ध्रुव तारे की तरह राष्ट्र सेवा और जन-कल्याण की दिशा में हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे।’’

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और पार्टी महासचिव स्मृति ईरानी ने भी उपाध्याय को श्रद्धांजलि दी।

भाषा

राजकुमार मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में