रक्षा मंत्रालय की अधिकारी ने द्वारका में आत्महत्या की, ससुराल पक्ष पर उत्पीड़न का आरोप

Ads

रक्षा मंत्रालय की अधिकारी ने द्वारका में आत्महत्या की, ससुराल पक्ष पर उत्पीड़न का आरोप

  •  
  • Publish Date - August 23, 2026 / 04:17 PM IST,
    Updated On - August 23, 2026 / 04:17 PM IST

नयी दिल्ली, 23 अगस्त (भाषा) रक्षा मंत्रालय में सहायक अनुभाग अधिकारी (एएसओ) के पद पर कार्यरत 30 वर्षीय महिला ने दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के द्वारका स्थित अपने किराये के मकान में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। मृतका के माता-पिता ने पति और ससुराल वालों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि नाजिया खानम का शव 21 अगस्त की तड़के भरथल गांव स्थित एक फ्लैट में पंखे से लटका मिला।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि नाजिया की शादी 11 अप्रैल को मोहम्मद आजम अली खान से हुई थी।

पुलिस के अनुसार, घटना के संबंध में 21 अगस्त को सुबह 4.21 बजे सेक्टर-23 थाने में पीसीआर कॉल मिली। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया।

पुलिस ने बताया कि संबंधित एसडीएम को सूचना दी गई और शव को दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया।

पुलिस के मुताबिक, खानम के परिवार के सदस्य 21 अगस्त को कार्यकारी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश हुए और लिखित बयान दिए, लेकिन उस समय उन्होंने अपनी बेटी के ससुराल वालों के खिलाफ कोई आरोप नहीं लगाया था।

अधिकारी ने कहा, ‘‘हालांकि, 22 अगस्त को खानम के माता-पिता फिर से एसडीएम के समक्ष पेश हुए तथा दोबारा बयान दर्ज कराया और एक शिकायत दी। इसमें उन्होंने बेटी के पति और ससुराल के अन्य सदस्यों पर आरोप लगाए।’’

शिकायत के आधार पर पुलिस ने 22 अगस्त को सेक्टर-23 द्वारका थाने में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।

प्राथमिकी के अनुसार, पिता ने आरोप लगाया कि खानम को उसके पति, सास समीमुन निशा और ससुर बाबर अली खान द्वारा लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि ससुराल वाले उसके साथ दुर्व्यवहार करते थे, मारपीट करते थे और धमकाते थे।

शिकायत में यह भी कहा गया कि खानम करीब तीन महीने की गर्भवती थीं और उन्होंने कथित प्रताड़ना के बारे में फोन पर अपने परिवार को बताया था।

पुलिस ने बताया कि आजम ने जांचकर्ताओं को बताया कि घटना से पहले दंपति के बीच बहस हुई थी। प्राथमिकी में दर्ज आजम के बयान के अनुसार, खानम ने कथित तौर पर उसे एक कमरे में बंद कर दिया और फिर दूसरे कमरे में चली गईं। इसके बाद आजम ने मकान मालिक को सूचना दी, जिसने उसे कमरे से बाहर निकलने में मदद की।

पुलिस के अनुसार, इसके बाद खानम का शव पंखे से लटका मिला।

पुलिस ने कहा कि सभी जरूरी कानूनी और प्रक्रियागत कदम उठाए गए हैं तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है।

भाषा शफीक देवेंद्र

देवेंद्र