सेन्को गोल्ड को 2026-27 में राजस्व में 25 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि की उम्मीद

Ads

सेन्को गोल्ड को 2026-27 में राजस्व में 25 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि की उम्मीद

  •  
  • Publish Date - August 23, 2026 / 04:21 PM IST,
    Updated On - August 23, 2026 / 04:21 PM IST

मुंबई, 23 अगस्त (भाषा) आभूषण कंपनी सेन्को गोल्ड एंड डायमंड्स को चालू वित्त वर्ष में अपना राजस्व 25 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि के साथ 10,500-11,000 करोड़ रुपये तक पहुंचने की उम्मीद है। कंपनी के एक शीर्ष अधिकारी ने यह जानकारी दी।

सेन्को गोल्ड एंड डायमंड्स के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सुवंकर सेन ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि कंपनी के फिलहाल करीब 190 स्टोर हैं और वित्त वर्ष 2026-27 में 20 नए स्टोर खोलने की योजना है। इनमें 12-13 स्टोर ‘फ्रेंचाइजी मॉडल’ के तहत और छह-सात स्टोर कंपनी के स्वामित्व वाले होंगे।

सेन ने कहा, ‘‘इस विस्तार से कंपनी के राजस्व में वृद्धि होने की उम्मीद है। हमें चालू वित्त वर्ष में 25 प्रतिशत से अधिक वृद्धि के साथ राजस्व 10,500-11,000 करोड़ रुपये रहने की उम्मीद है। वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का राजस्व 8,430 करोड़ रुपये था।’’

उन्होंने कहा कि कंपनी विस्तार के लिए फ्रेंचाइजी मॉडल के साथ-साथ दूसरी और तीसरी श्रेणी के शहरों में रणनीतिक रूप से कंपनी के स्वामित्व वाले स्टोर खोलने पर भी ध्यान दे रही है।

सेन ने कहा कि फ्रेंचाइजी मॉडल के जरिये विस्तार से वित्त वर्ष 2026-27 में कंपनी का पूंजीगत व्यय घटकर करीब 200-250 करोड़ रुपये रह जाएगा।

उन्होंने कहा, ‘‘पूंजीगत व्यय में कंपनी की कार्यशील पूंजी, भंडार और कंपनी के स्वामित्व वाले स्टोर शामिल हैं। इसके लिए धन आंतरिक स्रोतों और कर्ज के जरिये जुटाया जा रहा है।’’

भाषा योगेश अजय

अजय