विशाखापत्तनम, 23 अगस्त (भाषा) केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने रविवार को यहां ‘ब्रिक्स फ्रेंडशिप संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम की मेजबानी की। यह कार्यक्रम ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के साथ-साथ सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
ब्रिक्स दुनिया की प्रमुख उभरती अर्थव्यवस्थाओं का एक समूह है। इसका नाम पांच शुरुआती सदस्य देशों (ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका )के अंग्रेजी नामों के पहले अक्षरों से बना है।
मांडविया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का ‘फिट इंडिया’ अभियान लगातार गति पकड़ रहा है और देशभर में युवा 18,000 से अधिक स्थानों पर ‘संडे ऑन साइकिल’ में भाग लेकर तंदुरुस्ती का संदेश दे रहे हैं।
मांडविया ने संवाददाताओं से कहा, “साइकिल चलाना व्यायाम के सबसे अच्छे तरीकों में से एक है। साइकिल चलाना प्रदूषण और यातायात की समस्या का समाधान है। इससे ईंधन की भी बचत होती है, जिससे हमारे पैसे भी बचते हैं।”
उन्होंने लोगों से विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने के लिए स्वस्थ और तंदुरुस्त (फिट) रहने का आग्रह किया तथा कहा कि व्यक्तिगत तंदुरुस्ती एक समृद्ध राष्ट्र के लिए आवश्यक स्वस्थ आधार तैयार करती है।
मांडविया ने लोगों से प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए हर रविवार साइकिल चलाने और खुद को तंदुरुस्त रखने का आग्रह किया।
भाषा
अमित संतोष
संतोष