नयी दिल्ली, आठ अगस्त (भाषा) दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के प्रियंका कैंप इलाके में भारी बारिश के दौरान नाला पार करते समय 18 वर्षीय युवक बरसाती पानी के तेज बहाव में बहने के बाद से लापता है। इसके बाद बचाव दलों ने बड़े पैमाने पर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना शुक्रवार शाम सरिता विहार थाना क्षेत्र के अंतर्गत मदनपुर खादर में प्रियंका कैंप नाले के पास हुई। लापता युवक की पहचान भीम कॉलोनी निवासी अंकित के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम सरिता विहार थाने में पीसीआर के जरिए सूचना मिली कि एक युवक नाले में बह गया है। इसके बाद पुलिस की एक टीम को मौके पर भेजा गया।
अंकित का दोस्त मनीष घटना के समय वहां मौजूद था। उसने पुलिस को बताया कि वे दोनों नोएडा से घर लौट रहे थे और इस दौरान अंकित का संतुलन बिगड़ गया और वह नाले में गिर गया। इसके बाद वह पानी के तेज बहाव में बह गया।
पुलिस ने दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और दिल्ली अग्निशमन सेवा की बचाव टीमों की मदद से तलाश अभियान शुरू किया। हालांकि, लगातार प्रयासों के बावजूद शनिवार तक अंकित का कोई पता नहीं चल सका। पुलिस ने बताया कि तलाश अभियान अभी भी जारी है।
यह घटना दिल्ली-एनसीआर में हुई भारी बारिश के बीच हुई, जिसके कारण कई स्थानों पर जलभराव हो गया और नालों तथा अन्य जल निकासी मार्गों में पानी का बहाव तेज हो गया।
भाषा तान्या संतोष
संतोष