दिल्ली: गलत दिशा में गाड़ी चलाने पर कार्रवाई में 98 फीसदी की बढ़ोतरी

Ads

दिल्ली: गलत दिशा में गाड़ी चलाने पर कार्रवाई में 98 फीसदी की बढ़ोतरी

  •  
  • Publish Date - June 30, 2026 / 09:59 PM IST,
    Updated On - June 30, 2026 / 09:59 PM IST

नयी दिल्ली, 30 जून (भाषा) दिल्ली में गलत दिशा में गाड़ी चलाने के खिलाफ कार्रवाई में 98 प्रतिशत की वृद्धि हुई जबकि गत वर्ष की तुलना में अनधिकृत पार्किंग के लिए चालान जारी करने में 36.5 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। आधिकारिक आंकड़ों से यह जानकारी मिली है।

दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू के निर्देश के बाद पुलिस ने प्रवर्तन को तेज कर दिया।

संधु ने पुलिस आयुक्त, विशेष पुलिस आयुक्त (यातायात), संयुक्त पुलिस आयुक्त (यातायात) और पुलिस उपायुक्त (यातायात) की उपस्थिति में हुई एक बैठक के दौरान प्रवर्तन आंकड़ों की समीक्षा की।

उपराज्यपाल ने यातायात पुलिस को बिना हेलमेट के गाड़ी चलाने और दोपहिया वाहनों पर तीन लोगों को बैठाने के खिलाफ निरंतर प्रवर्तन और सख्त कार्रवाई बनाए रखने का भी निर्देश दिया।

आंकड़ों के अनुसार, गलत दिशा में गाड़ी चलाने को लेकर एक जनवरी 2025 से 25 जून 2025 के बीच 1,72,897 चालान किए गए और इसी अवधि में इस साल 3,42,381 चालान किए गए जो 98 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।

वहीं, इसी अवधि में अनधिकृत पार्किंग के लिए कार्रवाई में 36.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई। पिछले बरस 7,78,258 चालान किए गए थे जबकि इस साल 10,62,350 चालान किए किए गए।

आंकड़ों से पता चलता है कि पुलिस ने इस साल एक जनवरी से 25 जून के बीच गलत दिशा में गाड़ी चलाने के लिए 2,033 प्राथमिकी दर्ज कीं। ।

संधू ने नगर निकाय एजेंसियों, निवासी कल्याण संघों (आरडब्ल्यूए) और बाजार व्यापारी संघों (एमटीए) के समन्वय में दिल्ली पुलिस द्वारा अतिक्रमण हटाने के प्रयासों की प्रगति की समीक्षा की।

अधिकारियों ने बैठक में बताया कि इस साल जनवरी से जून के बीच पैदल गश्त के दौरान अतिक्रमण हटाने और पैदल चलने वालों व गाड़ियों की आवाजाही को बेहतर बनाने के लिए 4,900 विशेष संयुक्त अभियान चलाए गए।

अधिकारियों ने बताया कि इन अभियानों के तहत गलत तरीके से गाड़ी पार्क करने पर लगभग 3.9 लाख चालान काटे गए, जिससे अवैध रूप से खड़ी गाड़ियों से घिरे रास्तों, फुटपाथों और सार्वजनिक जगहों को खाली कराने में मदद मिली।

भाषा नोमान

नोमान नरेश

नरेश

शीर्ष 5 समाचार