दिल्ली: नाबालिग की ‘तस्करी और यौन शोषण’ के आरोप में तीन साल से फरार अपराधी गिरफ्तार
दिल्ली: नाबालिग की 'तस्करी और यौन शोषण' के आरोप में तीन साल से फरार अपराधी गिरफ्तार
नयी दिल्ली, पांच जुलाई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने नाबालिग की कथित तस्करी और उसके यौन शोषण के मामले में वांछित तथा एक लाख रुपये के इनामी भगोड़ा अपराधी को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी मोहम्मद फिरोज (46) करीब तीन वर्षों से फरार था। वह वर्ष 2023 में गोविंदपुरी थाने में दर्ज एक मामले में वांछित था और उसके खिलाफ अपहरण, मानव तस्करी, दुष्कर्म, आपराधिक धमकी तथा यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज है।
दिल्ली की एक अदालत ने पिछले वर्ष दिसंबर में उसे भगोड़ा अपराधी घोषित किया था।
पुलिस के अनुसार, यह मामला नाबालिग की शिकायत पर दर्ज किया गया था। नाबालिग ने बताया था कि वर्ष 2022 में तुगलकाबाद एक्सटेंशन स्थित एक फैक्टरी में पर्स बनाने का काम सीखने के दौरान उसकी मुलाकात फिरोज से हुई थी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने कथित तौर पर शादी का झांसा देकर नाबालिग को अपने प्रेमजाल में फंसाया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में उसने कथित तौर पर दो लाख रुपये लेकर उसकी शादी राजस्थान के एक व्यक्ति से करा दी।
पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने घटना की जानकारी किसी को देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमक दी थी।
बाद में पुलिस ने नाबालिग को मुक्त कराया और उसे उसके परिवार से मिला दिया।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘मामले के अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था, लेकिन फिरोज फरार था। इसके बाद अदालत ने उसे भगोड़ा अपराधी करार दिया था। उसकी सूचना देने वाले के लिए बाद में एक लाख रुपये के इनाम की घोषणा की गई थी।’
सूचना के आधार पर अपराध शाखा की एक टीम ने फिरोज का हरियाणा के गुरुग्राम तक पीछा किया और वहां से उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार क ली।
पुलिस के अनुसार, बिहार का रहने वाला फिरोज गुरुग्राम की फैक्टरी में काम करता है। अन्य लोगों की संलिप्तता का पता लगाने के लिए उससे पूछताछ की जा रही है।
भाषा
राखी सुरेश
सुरेश

Facebook


