दिल्ली : रामजस व मिरांडा हाउस कॉलेज को बम धमकी

Ads

दिल्ली : रामजस व मिरांडा हाउस कॉलेज को बम धमकी

  •  
  • Publish Date - April 6, 2026 / 06:33 PM IST,
    Updated On - April 6, 2026 / 06:33 PM IST

नयी दिल्ली, छह अप्रैल (भाषा) दिल्ली विश्वविद्यालय के रामजस कॉलेज और मिरांडा हाउस कॉलेजों को सोमवार सुबह बम की धमकी वाले ईमेल मिलने के बाद विद्यार्थियों को संस्थानों से बाहर निकाला गया।

रामजस कॉलेज के प्राचार्य अजय कुमार अरोड़ा के अनुसार, ईमेल कॉलेज की ईमेल आईडी पर सुबह करीब नौ बजे भेजा गया था।

अरोड़ा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘ईमेल सुबह करीब 11 बजे भेजा गया, तभी हमें इसके बारे में पता चला। अगले 10 मिनट के भीतर विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों और गैर-शिक्षक कर्मचारियों को भी संस्थान से बाहर निकाला गया और पुलिस को बुलाया गया।’

रामजस कॉलेज को प्राप्त ईमेल के विषय में कहा गया था कि कॉलेज में कम से कम ’13 बम’ लगाए गए हैं। इस मेल को ‘पीटीआई-भाषा’ ने देखा है।

अरोड़ा ने बताया कि विद्यार्थियों को गेट पर इंतजार करने के बजाय घर जाने के लिए कहा गया था, ताकि अनावश्यक भीड़भाड़ से बचा जा सके। उन्होंने बताया कि मंगलवार से कक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार फिर से शुरू होंगी।

बम की धमकी के बाद, सोमवार सुबह कई एजेंसियां दोनों कॉलेजों में पहुंचीं। हालांकि, उन्हें दोनों परिसरों में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस ने बताया कि आगे की जांच जारी है।

अधिकारियों ने कहा, ‘हालांकि ईमेल संदेशों में बम का कोई जिक्र नहीं था, लेकिन उनके विषय में बम की धमकी का उल्लेख था।’

इस बीच, मिरांडा हाउस कॉलेज ने एक बयान जारी कर कहा कि ईमेल के माध्यम से एक कथित धमकी प्राप्त हुई थी, जिसके जवाब में कॉलेज आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करते हुए तुरंत छात्राओं और अन्य कर्मचारियों को तुरंत परिसर से बाहर निकाला गया।

इसमें कहा गया है कि दिव्यांग छात्राओं (पीडब्ल्यूबीडी) को उनकी सुरक्षित निकासी सुनिश्चित करने के लिए विशेष सहायता प्रदान की गई।

कॉलेज के अधिकारियों ने बताया कि पुलिस और बम निरोधक दस्ते द्वारा परिसर का गहन निरीक्षण करने के बाद, परिसर को सुरक्षित घोषित कर दिया गया है और मंगलवार से सामान्य कक्षाएं फिर से शुरू हो जाएंगी।

भाषा नोमान नोमान नरेश

नरेश