दिल्ली के मुख्यमंत्री और पार्टी नेताओं ने भाजपा का स्थापना दिवस मनाया
दिल्ली के मुख्यमंत्री और पार्टी नेताओं ने भाजपा का स्थापना दिवस मनाया
नयी दिल्ली, छह अप्रैल (भाषा) मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के साथ सोमवार को पार्टी का 47वां स्थापना दिवस मनाया और प्रदेश इकाई कार्यालय में पार्टी का ध्वज फहराया।
डीडीयू मार्ग स्थित दिल्ली भाजपा कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
सिंह ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘भाजपा का इतिहास त्याग, समर्पण और संघर्ष से भरा है और आज यह दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक संगठन बन गया है।’
इस अवसर पर प्रदेश कार्यालय को सजाया गया था और शहर भर के जिलों में स्थित पार्टी कार्यालयों में भी भाजपा के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
सिंह ने कहा कि पार्टी की ताकत उसके लाखों समर्पित कार्यकर्ताओं में निहित है जो निस्वार्थ भाव से समाज के अंतिम व्यक्ति की सेवा करते हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से राष्ट्र निर्माण में अधिक ऊर्जा और समर्पण के साथ योगदान देने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
दिल्ली की मुख्यमंत्री गुप्ता ने कहा कि भाजपा ने एक लंबा सफर तय किया है और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना से प्रेरित इसके कार्यकर्ता देशहित में निरंतर कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने इस अवसर पर पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी और कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हर कार्यकर्ता भारत को विश्व गुरु बनाने और प्रत्येक नागरिक की गरिमा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष सचदेवा ने कहा कि जनसंघ से शुरू हुई यात्रा उसी विचारधारा के साथ आगे बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी जैसे नेताओं ने अपना पूरा जीवन पार्टी की विचारधारा के लिए समर्पित कर दिया और इसी का परिणाम है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र में पार्टी की सत्ता है और 20 राज्यों में राजग की सरकारें हैं।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव

Facebook


