नयी दिल्ली, 23 अप्रैल (भाषा)आम आदमी पार्टी (आप)के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के लिए समर्थन मांगने के वास्ते 26 और 27 अप्रैल को चुनाव प्रचार करेंगे। आप सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
आप ने बताया कि केजरीवाल पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी के निमंत्रण पर राज्य का दौरा करेंगे और उनके लिए जनता से समर्थन मांगेंगे।
सूत्रों के मुताबिक दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री दूसरे चरण में तृणमूल के चुनाव प्रचार अभियान के तहत जनसभाओं और जनसंपर्क कार्यक्रमों में हिस्सा ले सकते हैं।
केजरीवाल ने बुधवार को कहा था कि उन्होंने बनर्जी से फोन पर बात की है और उन्हें अपना ‘‘पूर्ण समर्थन और एकजुटता’’ व्यक्त की।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी पोस्ट में कहा था,‘‘अभी ममता दीदी से फोन पर बात हुई। मैंने उनके प्रति पूरी एकजुटता और समर्थन व्यक्त किया। वह सबसे कठिन लड़ाइयों में से एक लड़ रही हैं, जो भारतीय लोकतंत्र के लिए सबसे महत्वपूर्ण लड़ाइयों में से एक है।’’
पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए पहले चरण में बृहस्पतिवार को 152 सीट पर मतदान संपन्न हो गया जबकि 29 अप्रैल को दूसरे चरण में शेष सीट पर मतदान होगा। चुनाव के नतीजे चार मई को आएंगे।
भाषा धीरज नरेश
नरेश