दिल्ली की मुख्यमंत्री ने एमसीडी को अपशिष्ट प्रबंधन को मजबूत करने का निर्देश दिया

Ads

दिल्ली की मुख्यमंत्री ने एमसीडी को अपशिष्ट प्रबंधन को मजबूत करने का निर्देश दिया

  •  
  • Publish Date - April 8, 2026 / 09:47 PM IST,
    Updated On - April 8, 2026 / 09:47 PM IST

नयी दिल्ली, आठ अप्रैल (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को एमसीडी को अपशिष्ट प्रबंधन और स्वच्छता प्रणालियों को मजबूत करने का निर्देश दिया तथा नागरिक सेवाओं में देरी और कमियों को लेकर चेतावनी दी।

गुप्ता ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के कार्यों की समीक्षा बैठक में शहर भर में स्वच्छता और बुनियादी ढांचे में सुधार लाने के उद्देश्य से कई निर्देश जारी किए गए।

उन्होंने कहा, ‘गाजीपुर, नरेला, ओखला और तेखंड में अपशिष्ट से ऊर्जा बनाने वाले अत्याधुनिक संयंत्र स्थापित किए जाएंगे।’

पोस्ट में कहा गया है कि नगर निगम द्वारा संचालित लगभग 1,000 शौचालयों और मूत्रालय के पुनर्विकास का भी बैठक में निर्णय लिया गया, जबकि गोयला डेयरी, घोघा और गाजीपुर में जल्द ही तीन नए गोबर गैस संयंत्र स्थापित किए जाएंगे।

पोस्ट के अनुसार, अधिकारियों को गंदगी फैलाने वालों पर जुर्माने की वसूली सुनिश्चित करने के लिए सख्त तंत्र लागू करने को कहा गया है। एमसीडी को बाजारों की नियमित और व्यवस्थित सफाई सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली विकास प्राधिकरण के साथ समन्वय करने का भी निर्देश दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रेल पटरियों के किनारे से कूड़ा हटाने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे।

बुनियादी ढांचे के संबंध में, गुप्ता ने निर्देश दिया कि अनुभवी कंपनियों को सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य सौंपे जाएं ताकि गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके और अधिकारियों से सभी परियोजनाओं की बारीकी से निगरानी करने और उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने को कहा गया।

पोस्ट के अनुसार बैठक में दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह, स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्य शर्मा, सदन के नेता प्रवेश वाही, मुख्य सचिव राजीव वर्मा और नगर निगम आयुक्त संजीव खीरवार के साथ ही अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

भाषा नोमान नोमान अविनाश

अविनाश