नयी दिल्ली, तीन जुलाई (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को यहां एमसीडी के लाजपत नगर कॉलोनी अस्पताल में एक नए ‘डे-केयर’ ब्लॉक का उद्घाटन किया।
निकाय अधिकारियों ने कहा कि अस्पताल में उन्नत सुविधाओं से निवासियों की विशेषज्ञ स्वास्थ्य देखभाल तक पहुंच मजबूत होगी।
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने 1950 के दशक में इस अस्पताल का निर्माण कराया था। इसकी इमारत में दरारें आ गई थीं और पानी का रिसाव होता था जिसके बाद हाल में इसका पुनर्विकास किया गया।
मुख्यमंत्री द्वारा जिस ब्लॉक का उद्घाटन किया गया है, उसमें 20 से अधिक विशेषज्ञ चिकित्सक हैं और इसमें एक फिजियोथेरेपी केंद्र, उन्नत शौचालय तथा बेहतर रोगी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
निगम के अधिकारियों ने कहा कि लगभग 100 नर्सिंग कर्मचारी ब्लॉक में सेवा देंगे, जिसमें नेत्र विज्ञान और आर्थोपेडिक्स जैसी सेवाएं भी मिलेंगी।
दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि नए रूप में तैयार यह अस्पताल इलाके में स्वास्थ्य देखभाल सुविधाओं को बेहतर बनाएगा।
उन्होंने कहा, ‘‘यह एक बहुत अच्छा सामुदायिक अस्पताल है। यहां 20 से ज़्यादा विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध होंगे। इसमें नए फिजियोथेरेपी सेंटर, बेहतर शौचालय और आधुनिक उपकरण जैसी सुविधाएं शामिल गई हैं। हम स्वास्थ्य सेवाओं को और मज़बूत करने के लिए दिल्ली सरकार के साथ मिलकर काम करेंगे।’’
महापौर ने कहा कि अस्पताल में एक ‘ऑटोमेटेड हेल्थ स्क्रीनिंग मशीन’ भी लगाई गई है, जो रक्तचाप और रक्त में शर्करा की मात्रा जैसी जांच तुरंत कर देती है।
भाषा नोमान नोमान नेत्रपाल
नेत्रपाल