दिल्ली की मुख्यमंत्री ने पांच मेट्रो स्टेशनों पर की ‘अर्पण केंद्र’ की शुरुआत
दिल्ली की मुख्यमंत्री ने पांच मेट्रो स्टेशनों पर की ‘अर्पण केंद्र’ की शुरुआत
नयी दिल्ली, तीन अगस्त (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पुराने कपड़े दान करने की योजना के तहत सोमवार को पांच मेट्रो स्टेशनों पर ‘अर्पण केंद्रों’ की शुरुआत की।
दिल्ली सरकार की परियोजना के तहत अनुपयोगी कपड़े एकत्र करने के लिए मेट्रो के 10 स्टेशनों पर ‘अर्पण’ नाम से संग्रह केंद्र बनाए जाएंगे और दान में मिले कपड़ों का पुनर्चक्रण कर बैग, परिधान, सजावटी सामान और धागा समेत अन्य उत्पाद बनाए जाएंगे।
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, गुप्ता ने पंजाबी बाग पश्चिम मेट्रो स्टेशन के अलावा शालीमार बाग, मयूर विहार फेस-1, शाहदरा और रोहिणी पश्चिम स्टेशनों पर अर्पण केंद्रों की शुरुआत कर दी।
यह पहल दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) एवं दिल्ली मेट्रो लेडीज वेलफेयर ऑर्गनाइजेशन के सहयोग से शुरू की गई है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने क्यूआर कोड आधारित डिजिटल प्रणाली के माध्यम से वस्त्र दान प्रक्रिया का अवलोकन भी किया।
गुप्ता ने कहा, “जब अपशिष्ट को संसाधन में बदला जाता है और विकास के साथ प्रकृति का संरक्षण सुनिश्चित किया जाता है, तभी वास्तविक अर्थों में विकसित समाज का निर्माण होता है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुराने वस्त्रों का पुनर्चक्रण केवल कचरा कम करने का माध्यम नहीं है, बल्कि जल, ऊर्जा और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का भी प्रभावी उपाय है तथा प्रत्येक नागरिक द्वारा दान किया गया वस्त्र पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ किसी जरूरतमंद के जीवन में भी सकारात्मक बदलाव ला सकता है।
बयान के मुताबिक, सभी चयनित मेट्रो स्टेशनों पर ‘कपड़ा संग्रहण-सह-बिक्री’ केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं, जहां नागरिक उपयोग योग्य अपने पुराने वस्त्र दान कर सकेंगे। वस्त्र दान की पूरी प्रक्रिया को डिजिटल एवं पारदर्शी बनाया गया है। दानकर्ता क्यूआर कोड आधारित प्रणाली के माध्यम से आसानी से अपने पुराने कपड़े दान कर सकेंगे और उन्हें डिजिटल रसीद भी प्राप्त होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रक्रिया में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, जिससे उनके लिए सम्मानजनक आजीविका एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
कार्यक्रम में मादीपुर से विधायक कैलाश गंगवाल, डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक डॉ विकास कुमार, दिल्ली मेट्रो लेडीज वेलफेयर ऑर्गनाइजेशन की अध्यक्ष डॉ. शालिनी सिंह और वरिष्ठ अधिकारी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे।
भाषा नोमान नोमान सुरेश
सुरेश

Facebook


