नयी दिल्ली, 26 अगस्त (भाषा) दिल्ली पुलिस ने एक शोरूम की ‘फ्रेंचाइजी’ प्रदान करने के बहाने 39.53 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में साइबर जालसाजों को बैंक खाते उपलब्ध कराने के आरोप में 23 वर्षीय युवक को बिहार में गिरफ्तार किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि बिहार का रहने वाले सोनू चौधरी को शाहदरा जिला पुलिस की एक टीम ने 12 अगस्त को गिरफ्तार किया था।
पुलिस के अनुसार, सुशांत जैन की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता के मुताबिक, एक नामी ब्रांड की ’फ्रेंचाइजी’ के लिए ऑनलाइन खोज करते समय उन्हें एक फर्जी वेबसाइट मिली।
पुलिस ने कहा कि शिकायतकर्ता से बाद में राजेश नामक एक व्यक्ति ने संपर्क किया और खुद को ‘ब्रांड’ का प्रतिनिधि बताया।
शाहदरा के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि ठगों ने शिकायकर्ता को अपनी बातों में फंसा लिया और ‘फ्रेंचाइजी’ प्रदान करने से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं के बहाने उससे पैसे ऐंठ लिए।
उन्होंने बताया कि उन्होंने आधिकारिक ईमेल के माध्यम से चालान भी भेजे और यह ईडी आधिकारिक ‘फ्रेंचाइजी’ जैसी लग रही थी।
मीणा ने बताया कि इसपर विश्वास करते हुए, जैन ने अपने और अपने पिता के बैंक खातों से आरोपियों द्वारा दिए गए कई खातों में लगभग 39.53 लाख रुपये स्थानांतरित कर दिए।
जांच के दौरान, पुलिस ने यह देखा कि पैसा किन किन खातों में गया था और इस दौरान चौधरी की संलिप्तता का पता चला।
उन्होंने बताया कि विभिन्न खाताधारकों से बैंक खाते खरीदने और उन्हें कमीशन पर साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराने में चौधरी की भूमिका थी।
डीसीपी ने कहा कि उसने नादिया और उत्तरी 24 परगना सहित पश्चिम बंगाल में संपर्कों के माध्यम से 100 से अधिक बैंक खाते हासिल किए और उन्हें अपने सहयोगियों को उपलब्ध कराया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के पास से तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं जिनमें बैंक खातों की खरीद और उन्हें उपलब्ध कराने से संबंधित बातचीत और अन्य डिजिटल सामग्री शामिल है। मामले की जांच जारी है।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव