लातूर (महाराष्ट्र), 26 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के लातूर जिले में बुधवार को आपातकालीन नंबर ‘112’ पर आए एक फोन पर तुरंत कार्रवाई करते हुए उदगीर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एक शादीशुदा महिला को खुदकुशी करने से रोक लिया।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस को सुबह-सुबह फोन आया कि घरेलू विवाद के बाद एक महिला बनशेलकी बांध में कूदकर अपनी जान देने जा रही है।
सूचना मिलते ही उदगीर ग्रामीण थाने के पुलिसकर्मी फारूक शेख सुबह सात बजे तुरंत मौके पर पहुंचे और महिला को यह आत्मघाती कदम न उठाने के लिए समझा-बुझाकर राजी कर लिया। इस दौरान महिला के पति और भाई भी वहां पहुंच गए थे।
इसके बाद महिला को पास के पुलिस थाने ले जाया गया।
महिला ने पुलिस को बताया कि वह पिछले कुछ दिनों से बीमार थी और उसका पति उसका हाल-चाल नहीं ले रहा था, जिससे दुखी होकर उसने यह कदम उठाने की कोशिश की।
विज्ञप्ति के अनुसार, थाने में महिला को आवश्यक परामर्श दिया गया।
पुलिस ने अपील की है यदि कोई भी व्यक्ति खतरे में हो या उसकी जान पर बन आई हो, तो लोग तुरंत 112 नंबर पर फोन करें।
भाषा
सुमित मनीषा
मनीषा