दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे आधुनिकता को आध्यात्मिकता से जोड़ने वाला सेतु : रेखा गुप्ता

Ads

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे आधुनिकता को आध्यात्मिकता से जोड़ने वाला सेतु : रेखा गुप्ता

  •  
  • Publish Date - April 14, 2026 / 05:59 PM IST,
    Updated On - April 14, 2026 / 05:59 PM IST

नयी दिल्ली, 14 अप्रैल (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को दिल्ली-देहरादून राजमार्ग के उद्घाटन में भाग लिया और इसे दिल्ली की आधुनिकता को देवभूमि की आध्यात्मिकता से जोड़ने वाला सेतु बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा, “यह ‘डबल इंजन’ सरकार की ताकत है। दिल्ली लगातार बेहतर विकास की ओर अग्रसर है। पिछले वर्ष केंद्र ने दिल्ली में लगभग 1.25 लाख करोड़ रुपये की सड़क अवसंरचना परियोजनाएं पूरी कीं।”

छह लेन वाला 213 किलोमीटर लंबा दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारा 12,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनाया गया है।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, यह गलियारा दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड से होकर गुजरता है और इससे दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा का समय छह घंटे से घटकर लगभग ढाई घंटे का हो जाएगा।

मुख्यमंत्री ने इसे केवल दूरी कम करने वाली परियोजना नहीं, बल्कि दिल्ली की आधुनिकता को देवभूमि की आध्यात्मिकता से जोड़ने वाला सेतु बताया।

गुप्ता ने कहा कि दिल्ली की कई सड़कों को पुनर्विकास परियोजनाओं के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को सौंप दिया गया है, जिससे उनका बेहतर रखरखाव और विकास संभव हो सकेगा।

उद्घाटन समारोह में ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुईं गुप्ता ने प्रधानमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में दिल्ली की जरूरतों को समझते हुए कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं पूरी हुई हैं।

उन्होंने कहा, “लगभग 5,000 करोड़ रुपये की लागत से मुनक नहर पर बनने वाली एलिवेटेड रोड परियोजना से यातायात सुगम होगा और जाम की समस्या भी काफी हद तक कम होगी। दिल्ली सरकार अब जमीनी स्तर पर काम करते हुए हर समस्या के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।”

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि ‘यमुना पार’ क्षेत्रों में विकास हो रहा है।

उन्होंने कहा, ‘यमुना पार क्षेत्र उपेक्षित रहा है। पिछले एक साल में इस क्षेत्र के विकास के लिए कई परियोजनाएं शुरू की गई हैं। इससे इस क्षेत्र और कई अन्य क्षेत्रों को भी लाभ मिलेगा और लोगों के लिए नए अवसर पैदा होंगे।’

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में दिल्ली निरंतर प्रगति कर रही है और आने वाले समय में नयी परियोजनाओं और नीतियों के माध्यम से राजधानी को और सशक्त बनाया जाएगा।

भाषा नोमान नोमान अविनाश

अविनाश