दिल्ली : न्यू अशोक नगर थाने में आग लगी, कोई जख्मी नहीं

Ads

दिल्ली : न्यू अशोक नगर थाने में आग लगी, कोई जख्मी नहीं

  •  
  • Publish Date - May 19, 2026 / 05:39 PM IST,
    Updated On - May 19, 2026 / 05:39 PM IST

नयी दिल्ली, 19 मई (भाषा) पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर थाने के पार्किंग क्षेत्र में मंगलवार दोपहर आग लग गई, जिसके बाद दमकल की आठ गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

इस घटना में किसी जन हानि या किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने बताया कि दोपहर एक बजकर छह मिनट पर आग लगने की सूचना मिली जिसके बाद दमकल की आठ गाड़ियों को मौके पर भेजा ।

पुलिस ने बताया कि दोपहर करीब एक बजे थाने के मालखाने (भंडार कक्ष) से सटे ‘लॉन’ एवं पार्किंग क्षेत्र में आग लगी, जहां मुकदमों से संबंधित वाहन खड़े थे।

घटना के तुरंत बाद, थाने में तैनात पुलिसकर्मियों ने उपलब्ध अग्निशामक यंत्रों और परिसर में लगे ओवरहेड टैंक के पानी से आग बुझाने की कोशिश की और अग्निशमन विभाग को भी सूचित किया गया ।

दमकलकर्मी कुछ देर बाद मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का काम शुरू किया। पुलिस ने बताया कि अपराह्न करीब 2:20 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया था।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘प्रारंभिक जांच के अनुसार, ऐसा प्रतीत होता है कि आग मालखाने के पार्किंग क्षेत्र में खड़ी मुकदमे से संबंधित गाड़ियों से लगी थी।’

अधिकारियों ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है।

भाषा नोमान नोमान पवनेश

पवनेश