नयी दिल्ली, चार जून (भाषा) दक्षिण दिल्ली के सफदरजंग एनक्लेव इलाके में बृहस्पतिवार शाम एक होटल के भूमिगत तल (बेसमेंट) में आग लग गई, जिसके बाद दमकल की कई गाड़ियां मौके पर भेजी गईं।
अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली अग्निशमन सेवा को शाम करीब सात बजे सफदरजंग एन्क्लेव स्थित हुमायूंपुर में एनसीसी कार्यालय और जाट चौपाल के पास स्थित एक होटल में आग लगने की सूचना मिली।
उन्होंने बताया कि दमकल की पांच गाड़ियां तुरंत मौके पर भेजी गईं।
अधिकारियों के मुताबिक, होटल के भूमिगत तल में आग लगी थी और शाम 7:20 बजे तक उस पर काबू पा लिया गया।
उन्होंने कहा, “इस घटना में फिलहाल किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। आग लगने का कारण भी अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।”
भाषा
नोमान नोमान पारुल
पारुल