दिल्ली अग्निकांडः परिवार के आठ सदस्यों की मौत के बाद अस्पताल में भर्ती बुजुर्ग ने भी दम तोड़ा

Ads

दिल्ली अग्निकांडः परिवार के आठ सदस्यों की मौत के बाद अस्पताल में भर्ती बुजुर्ग ने भी दम तोड़ा

  •  
  • Publish Date - June 9, 2026 / 10:59 PM IST,
    Updated On - June 9, 2026 / 10:59 PM IST

गुरुग्राम/दिल्ली, नौ जून (भाषा) फेफड़ों की बीमारी से जूझ रहे 78 वर्षीय राधेश्याम अग्रवाल का मंगलवार को दिल्ली के मैक्स अस्पताल में निधन हो गया। उनके एक पड़ोसी ने कहा कि इस परिवार के साथ जो हुआ, वह किसी के साथ नहीं होना चाहिए।

अग्रवाल की पत्नी, चार्टर्ड अकाउंटेंट बेटे विवेक अग्रवाल, बहू और दो पोते-पोतियां समेत उनका पूरा परिवार तीन जून को राष्ट्रीय राजधानी के हौज रानी इलाके में एक होटल में लगी आग में मारा गया।

वरिष्ठ नागरिक के निधन की खबर मिलते ही गुरुग्राम के सेक्टर-46 स्थित उनके पड़ोसी एक बार फिर शोक में डूब गए और परिवार की इस दुखद नियति पर अफसोस जताया।

एक पड़ोसी ने कहा, ‘‘हालांकि विवेक के पिता गंभीर रूप से बीमार थे, हमें उम्मीद थी कि वे ठीक होकर घर लौटेंगे, लेकिन आज उनका भी निधन हो गया। ईश्वर ने सच में इस पूरे परिवार को हमसे छीन लिया, जो बेहद दुखद है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अग्रवाल बहुत मिलनसार और खुशमिजाज व्यक्ति थे। इस परिवार के साथ जो हुआ, वह किसी के साथ न हो।’’

पड़ोसी ने यह भी बताया कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि अंतिम संस्कार के लिए उनका शव गुरुग्राम कब लाया जाएगा।

राधेश्याम अग्रवाल को 30 मई को अस्पताल में भर्ती कराया गया था और वह श्वसन संबंधी समस्याओं के चलते ‘वेंटिलेटर सपोर्ट’ पर थे। मंगलवार सुबह करीब 11:15 बजे उनका निधन हो गया।

उस दौरान उनके बेटे विवेक अग्रवाल ने हौज रानी में ‘फ्लोरिश स्टे’ नामक ‘बीएंडबी’ में कमरे लिए थे, जो अस्पताल से कुछ ही मिनटों की दूरी पर स्थित है। परिवार के सदस्य और कुछ रिश्तेदार उनसे मिलने दिल्ली आए हुए थे।

तीन जून की सुबह हौज रानी इलाके में स्थित एक अवैध बीएंडबी में आग लग गई थी, जिसमें राधेश्याम अग्रवाल के बेटे विवेक, उनकी पत्नी तर्जनी, दो बेटियां जीविशा और वारिया तथा राधेश्याम की पत्नी प्रेमलता समेत आठ परिजनों और रिश्तेदारों की मौत हो गई थी।

मरने वालों में विवेक के मामा अशोक गोयल (राजस्थान के किशनगढ़ निवासी) तथा उनकी मौसी कमला और उनके पति जावरी लाल भी शामिल थे, जिससे मृतकों की कुल संख्या आठ हो गई थी।

भाषा

राखी संतोष

संतोष

शीर्ष 5 समाचार