दिल्ली सरकार ने डिजिटल शिक्षण सामग्री और रचनात्मक मूल्यांकन के लिए रुचि पत्र आमंत्रित किए
दिल्ली सरकार ने डिजिटल शिक्षण सामग्री और रचनात्मक मूल्यांकन के लिए रुचि पत्र आमंत्रित किए
नयी दिल्ली, 18 मार्च (भाषा) दिल्ली सरकार ने अपने 1,000 से अधिक विद्यालयों में पाठ्यक्रम के अनुरूप डिजिटल शिक्षण सामग्री विकसित करने और रचनात्मक मूल्यांकन मॉडल लागू करने का निर्णय लिया है।
शिक्षा निदेशालय ने स्कूली पाठ्यक्रम के अनुरूप शिक्षण और अध्ययन सामग्री तैयार करने के साथ-साथ छात्रों के लिए मूल्यांकन उपकरण विकसित करने हेतु तकनीकी विशेषज्ञता रखने वाली एजेंसियों से रुचि पत्र (ईओआई) आमंत्रित किये हैं।
शिक्षा विभाग ने कहा कि इस ईओआई का उद्देश्य हितधारकों से सुझाव प्राप्त करना और दिल्ली सरकार के विद्यालयों में कक्षा शिक्षण को आधुनिक बनाने के लिए अभिनव डिजिटल समाधानों और अनुप्रयोगों का पता लगाना है।
विभाग ने कहा कि शिक्षा निदेशालय की योजना कक्षा शिक्षण को डिजिटल उपकरणों के साथ जोड़कर एक मिश्रित शिक्षण मॉडल शुरू करने की है, जिससे छात्रों को सीखने की प्रक्रिया में अधिक लचीलापन और सहभागिता मिल सके।
विभाग ने कहा कि प्रस्ताव के तहत विभाग कक्षा 6 से 12 तक के लिए एनसीईआरटी दिशा-निर्देशों के अनुरूप पाठ्यक्रम-आधारित, परस्पर क्रियाशील 3डी सिमुलेशन आधारित सामग्री विकसित करने की योजना बना रहा है। इसके साथ ही नियमित रचनात्मक मूल्यांकन की एक प्रणाली भी तैयार की जाएगी।
भाषा अमित पवनेश
पवनेश

Facebook


