दिल्ली सरकार ने पीजी, डीएनबी और फेलोशिप पाठ्यक्रम में 108 अतिरिक्त सीटों का प्रस्ताव किया
दिल्ली सरकार ने पीजी, डीएनबी और फेलोशिप पाठ्यक्रम में 108 अतिरिक्त सीटों का प्रस्ताव किया
नयी दिल्ली, 20 अप्रैल (भाषा) दिल्ली सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी में स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा को मजबूत करने के लिए अपने चिकित्सा संस्थानों में स्नातकोत्तर (पीजी), ‘डिप्लोमेट ऑफ नेशनल बोर्ड’ (डीएनबी) और फेलोशिप पाठ्यक्रमों में अतिरिक्त 108 सीटों का प्रस्ताव दिया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
यह प्रस्ताव दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने पेश किया है।
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने कहा कि इस विस्तार से विशेषज्ञ चिकित्सकों का एक मजबूत समूह तैयार करने और मरीजों की देखभाल में सुधार करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा, “पीजी, डीएनबी और फेलोशिप सीटों का विस्तार दिल्ली के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। ये सीटें अत्यधिक कुशल और विशेषज्ञ चिकित्सकों को प्रशिक्षित करने में मदद करेंगी, जिससे दिल्ली के नागरिकों के लिए बेहतर इलाज और मरीजों की देखभाल सुनिश्चित होगी।”
अधिकारियों के अनुसार, प्रस्तावित सीटों को 10 सरकारी चिकित्सा और शिक्षण संस्थानों में वितरित किया गया है।
कुल 108 सीटों में से 67 सीटें एमडी/एमएस पाठ्यक्रमों के लिए, 36 सीटें डीएनबी पाठ्यक्रमों के लिए और पांच फेलोशिप के लिए हैं।
एक बयान के मुताबिक, इन संस्थानों में मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज को 35 एमडी/एमएस सीटें आवंटित की गई हैं, जबकि डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर मेडिकल कॉलेज को 24 एमडी/एमएस सीटें दी गई हैं।
इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज को 18 डीएनबी सीटें और दीप चंद बंधु अस्पताल को आठ डीएनबी सीटें मिली हैं।
इसमें कहा गया है कि गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल को दो डीएनबी सीटों के साथ-साथ तीन फेलोशिप सीटें आवंटित की गईं हैं।
बयान के अनुसार, इसके अतिरिक्त, गुरु गोबिंद सिंह सरकारी अस्पताल को दो डीएनबी सीटें, संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल को चार डीएनबी सीटें और भगवान महावीर अस्पताल को दो डीएनबी सीटें मिली हैं।
दिल्ली स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट को चार एमडी/एमएस सीटों के साथ दो फेलोशिप सीट आवंटित की गई हैं।
भाषा नोमान नोमान संतोष
संतोष

Facebook


