‘शीश महल’ के रखरखाव के लिए निजी आतिथ्य कंपनी की सेवा ले सकती है दिल्ली सरकार

‘शीश महल’ के रखरखाव के लिए निजी आतिथ्य कंपनी की सेवा ले सकती है दिल्ली सरकार

‘शीश महल’ के रखरखाव के लिए निजी आतिथ्य कंपनी की सेवा ले सकती है दिल्ली सरकार
Modified Date: July 16, 2026 / 08:34 pm IST
Published Date: July 16, 2026 8:34 pm IST

नयी दिल्ली, 16 जुलाई (भाषा) दिल्ली सरकार पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के फ्लैगस्टाफ रोड स्थित सरकारी आवास बंगला संख्या-6 की देखभाल के लिए किसी निजी आतिथ्य कंपनी की सेवा ले सकती है। इस बंगले को अतिथि गृह में बदला जाना है।

भाजपा ने बंगले में कथित तौर पर किए गए आलीशान बदलावों पर तंज कसने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल के आधिकारिक आवास को ‘शीश महल’ का नाम दिया था।

अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को कहा कि बंगले के परिसर में मौजूद कैंप कार्यालय के एक हिस्से का भी इस्तेमाल किया जाएगा।

लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि पीडब्ल्यूडी उस बंगले के संचालन और रखरखाव के तरीकों पर विचार कर रहा है, जो अभी खाली पड़ा है और जिसका इस्तेमाल नहीं हो रहा है।

सिंह ने कहा, ‘‘हम अतिथि गृह के संचालन और सरकार के लिए राजस्व जुटाने के वास्ते किसी नामी आतिथ्य कंपनी से संपर्क कर सकते हैं।’’

दूसरे सरकारी अतिथि गृहों की तरह, इस बंगले का इस्तेमाल भी यात्रा पर आए मंत्रियों और अधिकारियों को ठहराने के लिए किया जाएगा, जिसके लिए शुल्क लिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कैंप कार्यालय के कुछ हिस्से का इस्तेमाल आधिकारिक कार्यक्रमों के लिए किया जा सकता है।

मंत्री ने कहा कि भवन के अंदर के एक हिस्से को सम्मेलन, रात्रिभोज और बैठकों के आयोजन के लिए तैयार किया जाएगा, जिसके लिए ‘‘अभी हमें निजी होटलों में जगह किराए पर लेनी पड़ती है’’।

सिंह ने कहा कि इस प्रस्ताव को उच्च अधिकारियों से अंतिम मंजूरी मिलनी अभी बाकी है।

फिलहाल, बंगले की देखभाल के लिए लगभग 10 कर्मचारी तैनात हैं, जो साफ-सफाई और अन्य आवश्यक रखरखाव करते हैं।

भाषा शफीक माधव

माधव


लेखक के बारे में