राजधानी में फ्लाईओवर के नीचे के स्थानों का सौंदर्यीकरण करेगी दिल्ली सरकार, एमओयू पर हस्ताक्षर

Ads

राजधानी में फ्लाईओवर के नीचे के स्थानों का सौंदर्यीकरण करेगी दिल्ली सरकार, एमओयू पर हस्ताक्षर

  •  
  • Publish Date - April 6, 2026 / 07:49 PM IST,
    Updated On - April 6, 2026 / 07:49 PM IST

नयी दिल्ली, छह अप्रैल (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को बताया कि राष्ट्रीय राजधानी के छह फ्लाईओवर के नीचे के खाली स्थानों के सौंदर्यीकरण व उन्हें उपयोगी बनाने के लिए तीन कंपनियों के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। एक बयान में इसकी जानकारी दी गयी है।

बयान में कहा गया है कि यह एमओयू दिल्ली सचिवालय में दिल्ली सरकार के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) व डालमिया भारत लिमिटेड, गोदरेज इंडस्ट्रीज ग्रुप और इज माय ट्रिप फाउंडेशन के साथ हुए हैं। इनके तहत कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत फ्लाईओवर के नीचे के खाली स्थानों का विकास किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस समझौते के तहत फ्लाईओवर के नीचे खाली और उपेक्षित जगहों को सुंदर, उपयोगी और लोगों के काम आने वाले स्थानों में बदला जाएगा।

उन्होंने कहा, “इन जगहों पर हरियाली विकसित की जाएगी, दीवारों पर आकर्षक चित्र बनाए जाएंगे, बैठने की सुविधा होगी, साफ-सफाई का अच्छा इंतजाम किया जाएगा और लोगों के उपयोग के लिए जरूरी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। इससे ये स्थान शहर की पहचान का हिस्सा बन सकेंगे।”

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि यह पहल न केवल दिल्ली के समग्र सौंदर्यीकरण को बढ़ावा देगी, बल्कि नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता और सहभागिता को भी मजबूत करेगी। उनके मुताबिक, यह प्रयास ‘स्वच्छ और सुंदर दिल्ली’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

बयान के मुताबिक, इस परियोजना के तहत अलग-अलग कंपनियां दिल्ली के कई फ्लाईओवरों के नीचे की जगहों को सुंदर और उपयोगी बनाएंगी। सबसे पहले, अप्सरा बॉर्डर फ्लाईओवर (एमसीडी टोल टैक्स बूथ से उप्र बॉर्डर तक करीब 800 मीटर) और मयूर विहार फेज-एक फ्लाईओवर (कनाइन रोड कट से समाचार अपार्टमेंट तक करीब 820 मीटर) का सौंदर्यीकरण किया जाएगा।

इसमें कहा गया है कि इसके बाद नेताजी सुभाष पैलेस (एनएसपी) फ्लाईओवर (रिंग रोड से एनएसपी मेट्रो स्टेशन तक करीब 570 मीटर) को विकसित किया जाएगा।

बयान के अनुसार, ओबराय फ्लाईओवर (नीला गुंबद से गोल्फ लिंक तक करीब 700 मीटर), लोधी फ्लाईओवर (ओबराय होटल से श्मशान घाट बीआरटी रोड तक करीब 700 मीटर) और मांगी सेतु/हनुमान सेतु (लाल किला से सलीमगढ़ किले तक करीब 400 मीटर) के नीचे की जगहों को सुंदर बनाएगा।

पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि यह पहल दिल्ली के शहरी ढांचे को नया स्वरूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और फ्लाईओवर के नीचे के स्थानों का सौंदर्यीकरण न केवल शहर को सुंदर बनाएगा, बल्कि इन स्थानों को अधिक उपयोगी और सुरक्षित बनाएगा।

भाषा नोमान नोमान रंजन

रंजन

रंजन