दिल्ली सरकार बारिश से प्रभावित किसानों को 75 हजार प्रति हेक्टेयर की दर से अनुग्रह राशि देगी

Ads

दिल्ली सरकार बारिश से प्रभावित किसानों को 75 हजार प्रति हेक्टेयर की दर से अनुग्रह राशि देगी

  •  
  • Publish Date - June 1, 2026 / 06:52 PM IST,
    Updated On - June 1, 2026 / 06:52 PM IST

नयी दिल्ली, एक जून (भाषा) दिल्ली सरकार ने पिछले साल अगस्त-सितंबर में हुई बारिश से फसलों को हुए नुकसान के लिए अनुग्रह सहायता राशि में बढ़ोतरी करते हुए प्रभावित किसानों को प्रति हेक्टेयर 75 हजार रुपये देने को मंजूरी प्रदान कर दी है। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा सोमवार को जारी बयान में यह जानकारी दी गई।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के अनुसार राजस्व विभाग द्वारा कराए गए विस्तृत आकलन में पाया गया कि अगस्त-सितंबर 2025 की भारी वर्षा और खेतों में जलभराव से फसलों को व्यापक नुकसान पहुंचा और फसल क्षति का आकलन 100 प्रतिशत किया गया।

उन्होंने कहा कि इसी के मद्देनजर कैबिनेट ने प्रभावित किसानों को 75 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर की दर से अनुग्रह सहायता देने का निर्णय लिया है।

गुप्ता ने बताया कि सरकार के इस निर्णय से राजधानी के उन करीब 10 हजार किसानों को सीधा लाभ मिलेगा, जिनकी फसलें पिछले वर्ष भारी बारिश और खेतों में जलभराव से गंभीर रूप से प्रभावित हुई थीं। इन किसानों को कुल 33.32 करोड़ रुपये की राशि दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि वर्तमान निर्णय विशेष रूप से अगस्त-सितंबर 2025 के दौरान हुई अत्यधिक वर्षा और प्राकृतिक जल निकासी तंत्र के प्रभावित होने से उत्पन्न परिस्थितियों के संदर्भ में लिया गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली में कुल 10,977.44 एकड़ (लगभग 4,442.41 हेक्टेयर) कृषि क्षेत्र प्रभावित हुआ था।

उन्होंने कहा कि 2015 में तत्कालीन सरकार द्वारा वर्षा से फसल क्षति की स्थिति में किसानों को 20,000 रुपये प्रति एकड़ की दर से अनुग्रह सहायता देने का प्रावधान किया गया था।

मुख्यमंत्री ने कहा, “अब हमारी सरकार ने दस वर्षों से अधिक समय की अवधि में कृषि लागत में हुई बढ़ोतरी को ध्यान में रखते हुए सहायता की दर बढ़ाकर 75,000 रुपये प्रति हेक्टेयर कर दी है। इस प्रकार किसानों को पहले की तुलना में उल्लेखनीय रूप से अधिक सहायता प्राप्त होगी।”

गुप्ता के अनुसार, यह सहायता भूमि के अभिलेखित स्वामियों को दी जाएगी और कंपनियों के स्वामित्व वाली भूमि, ग्राम सभा में निहित भूमि तथा पक्की चारदीवारी वाले फार्महाउस इस सहायता योजना के दायरे में शामिल नहीं होंगे।

भाषा नोमान नोमान अविनाश

अविनाश