दिल्ली सरकार आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम करेगी
दिल्ली सरकार आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम करेगी
नयी दिल्ली, 21 सितंबर (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सरकार की सेवाओं को बच्चों और महिलाओं तक पहुंचाने में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका बताते हुए सोमवार को कहा कि उनके योगदान को सम्मान देने के लिए राष्ट्रीय राजधानी के सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
गुप्ता ने यह भी कहा कि उनकी सरकार आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय को बढ़ाने पर भी विचार कर रही है ताकि उनके योगदान और जिम्मेदारियों को उचित महत्व दिया जा सके।
उन्होंने बताया कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान के लिए दिल्ली की सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में 23 सितंबर से कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने एक बयान में कहा कि इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, लाभार्थियों, बच्चों, महिलाओं, अभिभावकों और स्थानीय समुदाय की भागीदारी प्रस्तावित है और इन कार्यक्रमों के लिए करीब 25 हजार निमंत्रण पत्र भेजे जा रहे हैं।
गुप्ता ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान के लिए विशेष सम्मान किट भी तैयार की गई है जिसमें बैग, यूनिफॉर्म, पानी की इंसुलेटेड बोतल, कैप, प्राथमिक उपचार पाउच और छाता शामिल हैं और इन सब सामान की कीमत करीब 2500 रुपये है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित किए जा रहे इन कार्यक्रमों को 9वें राष्ट्रीय पोषण माह 2026 से भी जोड़ा गया है।
महिला एवं बाल विकास विभाग केंद्र सरकार द्वारा प्रायोजित ‘सक्षम आंगनवाड़ी एवं पोषण’ योजना के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक राष्ट्रीय पोषण माह मना रहा है।
भाषा
नोमान प्रशांत
प्रशांत

Facebook


