दिल्ली: पिछले 85 दिनों में सबसे ज्यादा एक्यूआई दर्ज; 45.7 डिग्री तापमान की तपन महसूस हुई

दिल्ली: पिछले 85 दिनों में सबसे ज्यादा एक्यूआई दर्ज; 45.7 डिग्री तापमान की तपन महसूस हुई

दिल्ली: पिछले 85 दिनों में सबसे ज्यादा एक्यूआई दर्ज; 45.7 डिग्री तापमान की तपन महसूस हुई
Modified Date: July 12, 2026 / 09:28 pm IST
Published Date: July 12, 2026 9:28 pm IST

नयी दिल्ली, 12 जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में पहुंच गई और एक्यूआई 261 दर्ज किया गया, जो पिछले 85 दिनों में सबसे अधिक है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है, लेकिन शाम साढ़े पांच बजे 45.7 डिग्री सेल्सियस जितनी तपन महसूस हुई।

एक्यूआई का यह स्तर 17 अप्रैल के बाद सबसे अधिक है। उस दिन एक्यूआई 263 दर्ज किया गया था। शनिवार को दिल्ली का एक्यूआई 140 था और महीने के अधिकतर दिनों में वायु गुणवत्ता ‘मध्यम’ तथा ‘संतोषजनक’ श्रेणियों में रही।

वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने कहा कि दिल्ली-एनसीआर की वायु गुणवत्ता में गिरावट का कारण अफगानिस्तान, ईरान और पाकिस्तान में आए धूल भरे तूफानों से उठी धूल है, जिसे लंबी दूरी की हवाएं उत्तर-पश्चिम भारत, विशेषकर दिल्ली तक लेकर आई हैं। इसके कारण पीएम10 कणों की सांद्रता बढ़ गई।

आयोग ने कहा कि भारत के गांगेय क्षेत्र में चल रही तेज हवाओं के कारण भी राजधानी के एक्यूआई में वृद्धि हुई है।

आयोग के अनुसार, दिल्ली की वायु गुणवत्ता रविवार को ‘खराब’ श्रेणी में रही और अगले कुछ दिनों तक इसके इसी श्रेणी में बने रहने की आशंका है।

आयोग ने कहा कि मौजूदा गिरावट के पीछे दूसरे देशों से उड़ कर आने वाली धूल के चलते फिलहाल चरणबद्ध प्रतिक्रिया कार्य योजना (ग्रैप) के प्रथम चरण के प्रतिबंध लागू नहीं किए जाएंगे।

हालांकि, दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी) को जमीन पर धूल नियंत्रण उपाय तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मानकों के अनुसार, एक्यूआई 0 से 50 के बीच होने पर वायु गुणवत्ता ‘अच्छी’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में मानी जाती है।

आईएमडी के अनुसार, पालम में अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस, लोधी रोड में 37 डिग्री, रिज में 36 डिग्री और आयानगर में 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक था।

वहीं, पालम में न्यूनतम तापमान 27.1 डिग्री, लोधी रोड में 27.2 डिग्री, रिज में 25.6 डिग्री और आयानगर में 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने सोमवार को दिन के समय तेज सतही हवाएं चलने का अनुमान जताया है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 37 डिग्री और 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

रविवार को सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्ष आर्द्रता 64 प्रतिशत और शाम साढ़े पांच बजे 52 प्रतिशत दर्ज की गई।

भाषा राखी सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में