बाढ़ के बाद नेपाल में फंसे सिक्किम के आठ निवासी सुरक्षित घर लौटे

बाढ़ के बाद नेपाल में फंसे सिक्किम के आठ निवासी सुरक्षित घर लौटे

बाढ़ के बाद नेपाल में फंसे सिक्किम के आठ निवासी सुरक्षित घर लौटे
Modified Date: September 11, 2026 / 02:44 pm IST
Published Date: September 11, 2026 2:44 pm IST

गंगटोक, 11 सितंबर (भाषा) नेपाल में 26 अगस्त को अचानक आई बाढ़ के बाद वहां फंसे सिक्किम के आठ निवासी सुरक्षित अपने घर लौट आए हैं। सिक्किम सरकार ने शुक्रवार को एक बयान में जानकारी दी।

राज्य सरकार के ‘नेपाल बाढ़ कार्य बल’ के अनुसार, ये सभी निवासी गंगटोक और ग्यालशिंग जिलों के रहने वाले हैं और वे कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए हुए थे। उसने बताया कि नेपाल में अचानक आई बाढ़ के दौरान वे तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र के सागा काउंटी में फंस गए थे।

इसने बताया कि उक्त आठ लोगों के समूह की स्थिति की सूचना मिलने के बाद, राज्य सरकार ने उनके हालात की निगरानी करने और उनकी सुरक्षित वापसी के वास्ते केंद्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय करने के लिए तुरंत कार्य बल का गठन किया।

अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने शुरुआत से ही मामले में व्यक्तिगत रूप से हस्तक्षेप किया और आपदा की सूचना मिलने के एक दिन के भीतर 27 अगस्त को फंसे हुए समूह से फोन पर संपर्क कर उनकी सुरक्षा और स्थिति का जायजा लिया।

यह मामला विदेश मंत्रालय के समक्ष भी उठाया गया था।

बयान के अनुसार, सुरक्षित लौटने वाले निवासियों में सुरेश कुमार अग्रवाल, आशा देवी अग्रवाल, सुरेंद्र कुमार अग्रवाल, चित्रा देवी अग्रवाल, भंवरलाल अग्रवाल, पुष्पा देवी अग्रवाल, धन माया छेत्री और सबित्री छेत्री शामिल हैं।

भाषा प्रचेता नरेश

नरेश


लेखक के बारे में