नयी दिल्ली, सात मई (भाषा) उत्तर पूर्वी दिल्ली में स्थित मंडोली जेल में बंद 41 वर्षीय कैदी को साथी कैदियों ने कथित तौर पर चाकू मारकर जख्मी कर दिया।
पुलिस ने बृहस्पतिवार बताया कि उन्हें बुधवार को हर्ष विहार स्थित जेल परिसर से एक घायल कैदी को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराए जाने की सूचना मिली।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि घायल कैदी जावेद को सीमापुरी पुलिस थाने में दर्ज एनडीपीएस मामले के सिलसिले में मंडोली जेल में रखा गया था।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि जावेद पर जेल परिसर के अंदर अन्य कैदियों ने कथित तौर पर हमला किया था।
घटना में वह घायल हो गया और उसे इलाज के लिए जीटीबी अस्पताल ले जाया गया।
अधिकारी ने बताया कि इलाज के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
पुलिस ने बताया कि हर्ष विहार थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 118(1) (खतरनाक हथियारों या साधनों का प्रयोग करके स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस हमले के कारणों का पता लगाने और हमले में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव