नयी दिल्ली, 11 अगस्त (भाषा) दिल्ली के उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने सोमवार को उत्तर दिल्ली में निगम बोध घाट के पास यमुना तट पर ‘मां यमुना’ की 10 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया। यह जानकारी एक बयान में दी गई।
माता की नयी प्रतिमा सात फीट ऊंचे चबूतरे पर स्थापित की गई है और नदी की देवी को कूर्म (कछुआ) पर विराजित दर्शाया गया है जो स्थिरता और धैर्य का प्रतीक है।
देवी के हाथ में कलश है जो जीवन, उर्वरता और समृद्धि को दर्शाता है।
सक्सेना ने उद्घाटन समारोह में कहा, ‘‘यमुना केवल एक नदी नहीं है, बल्कि यह हमारी जीवंत धरोहर का हिस्सा है जिसने हमारी संस्कृति और आस्थाओं को आकार दिया है। यह प्रतिमा मनुष्य और प्रकृति के बीच के पवित्र संबंध को सम्मान देती है और आने वाली पीढ़ियों के लिए नदी की पवित्रता बनाए रखने की याद दिलाती है।’’
जिस स्थान पर यह प्रतिमा स्थापित की गई है, वह कुछ वर्ष पहले तक अतिक्रमित था और अब उसे सार्वजनिक स्थान बना दिया गया है।
सक्सेना ने कहा, ‘‘मां यमुना की यह प्रतिमा, नदी की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को दर्शाएगी।’’
पद संभालने के बाद से उपराज्यपाल यमुना तट की सफाई और नदी किनारे बड़े सार्वजनिक स्थल विकसित करने के प्रयासों में लगे हैं जिनमें बंसीरा, असीता और अमृत जैव विविधता पार्क जैसे उद्यान शामिल हैं।
दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के अनुसार, ‘‘प्रतिमा का मुख यमुना के उद्गम की ओर है, जबकि कछुए का मुख नदी की ओर है जो कुछ ही कदम की दूरी पर प्रवाहित हो रही है। यह प्रतिमा ग्रेनाइट और ग्रेफाइट पाउडर के मिश्रण से बनाई गई है।’’
यमुना की यह प्रतिमा वासुदेव घाट से साइकिल ट्रैक और पैदल मार्ग द्वारा जुड़ी हुई है।
इस साल फरवरी में शपथ ग्रहण समारोह के तुरंत बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता अपने मंत्रिमंडल के साथ वासुदेव घाट पर भव्य ‘यमुना आरती’ में शामिल हुई थीं।
भाषा राखी प्रशांत
प्रशांत