नयी दिल्ली, 18 मई (भाषा) उत्तर पूर्वी दिल्ली के मौजपुर इलाके में गाड़ी हटाने को लेकर कुछ मजदूरों से हुई कहासुनी के दौरान गोलीबारी करने के आरोप में 37 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान नितिन चौधरी उर्फ लाला के तौर पर हुई और उसके पास से एक अर्धस्वचालित पिस्तौल व छह कारतूस बरामद किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि 16 मई की देर रात डेढ़ बजे हुई इस घटना के संबंध में जाफराबाद थाने में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता सौरभ (19) ने पुलिस को बताया कि वह और कुछ मजदूर एक गाड़ी से सामान उतार रहे थे तभी पास खड़ी एक कार से एक व्यक्ति निकला और उन्हें उनकी गाड़ी हटाने को कहने लगा।
अधिकारी ने कहा, ‘‘कहासुनी के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर पिस्तौल निकाली और गोली चला दी। इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।’’
पुलिस ने बताया कि आरोपी पहले भी हत्या के प्रयास समेत दो आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।
भाषा नोमान नोमान संतोष
संतोष