नयी दिल्ली, 16 मई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी के आनंद पर्वत इलाके में 21-वर्षीय एक युवक की हत्या के सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है और एक नाबालिग को हिरासत में लिया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान बलजीत नगर निवासी विराट उर्फ गट्टू (22) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, इस सिलसिले में एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार को आनंद पर्वत पुलिस थाने में बलजीत नगर के रामजस पार्क के पास युवकों के एक समूह द्वारा की गई मारपीट के संबंध में पीसीआर को सूचना प्राप्त हुई थी।
पीसीआर को सूचना देने वालों ने बताया कि इलाके से गुजर रहे तीन युवकों को करीब 10 अज्ञात व्यक्तियों ने रोककर उनपर हमला किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हमलावर बाद में एक युवक को जबरन अपने साथ उठा ले गये।
मौके पर पहुंचने पर पुलिस को रामजस पार्क की चारदीवारी के निकट कूड़े के ढेर के बगल में एक अज्ञात व्यक्ति बेहोश पड़ा मिला।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘पीड़ित के सीने और सिर के बाईं ओर जख्म के कई निशान थे। पीड़ित को पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।’’
पुलिस ने घटनास्थल से बरामद मोबाइल फोन से मिले सिम कार्ड के जरिये मृतक की पहचान की पुष्टि की। मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की तलाश के लिए एक टीम गठित की गई। तकनीकी निगरानी और स्थानीय जानकारी का उपयोग करते हुए पुलिस ने रामजस पार्क के पास विराट को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि विराट से पूछताछ के बाद अपराध में इस्तेमाल किया गया चाकू भी पास के जंगल से बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने यह भी बताया कि हत्या के संबंध में एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है। उन्होंने आगे कहा कि मामले में शामिल शेष आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
भाषा तान्या सुरेश
सुरेश